#अव्यवस्था
August 2, 2025
हिमाचल में भूस्खलन ने रोका अंतिम सफर : पहाड़ी से गिरे पत्थर, सड़क पर फंसा रहा परिवार
पार्थिव शरीर के साथ फंसा परिवार, प्रशासन नदारद
शेयर करें:

मंडी। मानसून के चलते हिमाचल प्रदेश में लगातार भूस्खलन की घटनाएं लोगों की परेशानियों को बढ़ा रही हैं। भूस्खलन के कारण नेशनल हाईवे तक बंद पड़े हुए है। लगातार गिर रहे पत्थर और मलबे ने यातायात को प्रभावित किया है।
सबसे मार्मिक तस्वीर कांगड़ा जिले के उस परिवार की है, जो एक दिवंगत परिजन का पार्थिव शरीर लेकर नूरपुर जा रहा था। लेकिन मंडी जिले के कैंचीमोड़ के पास भूस्खलन के चलते हाईवे जाम हो गया और यह परिवार 5 घंटे से सड़क पर ही अटका रहा।
सुबह साढ़े आठ बजे तक भी मौके पर NHAI की ओर से मलबा हटाने की कोई मशीन नहीं पहुंच पाई थी। थक-हारकर लोग अब अपने वाहनों को वहीं छोड़कर पैदल सफर करने को मजबूर हुए। जिसके बाद 9 बजे के आसपास मशीनरी पहुंची और रास्ते को बहाल कर दिया गया था।
बता दें कि गुरुवार को भी इसी जगह लैंडस्लाइड हुआ था। शिवाबदार गांव को जोड़ने वाली सड़क हाईवे के ऊपर से ही धंस गई थी, जिससे पंडोह डैम तक बना वैकल्पिक मार्ग भी बंद हो गया था। प्रशासन और एनएचएआई की टीम ने लगभग 9 घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैफिक को चालू किया था। लेकिन आज फिर से पहाड़ गिरा और सभी प्रयास धरे के धरे रह गए।
बता दें कि कैंचीमोड़ से ऊपर जहां फोरलेन की रिवर साइड पहले ही धंस चुकी है, वहीं अब डयोड़ टनल तक कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इस वजह से इस मार्ग पर सिर्फ एकतरफा यातायात ही संभव हो पा रहा था, लेकिन अब वह भी लगभग ठप हो चुका है। फंसे यात्रियों का कहना है कि बारिश थमने के बावजूद कोई राहत नहीं मिल रही।
जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से इस मार्ग पर यात्रा करने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। पंडोह चौकी की टीम मौके पर मौजूद जरूर है, लेकिन एनएचएआई की मशीनरी के बिना राहत कार्य शुरू नहीं हो पा रहा।