#अव्यवस्था
April 1, 2026
हिमाचल के एंट्री टैक्स पर बवाल : CM सुक्खू के खिलाफ पंजाब में नारेबाजी, सड़कें बंद- एडवाइजरी जारी
प्रदर्शन का सीधा असर आम लोगों पर
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में एंट्री टैक्स को लेकर आज बुधवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब प्रदेश के ऊना जिले में पंजाब के विभिन्न संगठनों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। गढ़शंकर मोड़ बैरियर पर सुबह से ही धरना-प्रदर्शन जारी है, जहां प्रदर्शनकारियों ने हिमाचल में लागू एंट्री फीस को पूरी तरह समाप्त करने की मांग उठाई।
बतौर रिपोर्टर्स, प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी भी तेज रही। “इंकलाब जिंदाबाद” और “पंजाब-हिमाचल भाईचारा जिंदाबाद” जैसे नारों के साथ-साथ यारियां निभाण वाले पंजाब दे दल्ले लीडर मुर्दाबाद और सुक्खू दी माड़ी हुक्मरान कांग्रेस सरकार मुर्दाबाद के नारे भी गूंजे।
इससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा। प्रदर्शन का सीधा असर आम लोगों पर पड़ा, क्योंकि बैरियर पर लंबा जाम लग गया। सुबह से सैकड़ों वाहन फंसे रहे, जिनमें मरीज, स्कूली बच्चे और नौकरीपेशा लोग शामिल थे। कई लोग समय पर अस्पताल तक नहीं पहुंच सके, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।
जाम के चलते HRTC की करीब दस बसें भी रास्ते में फंस गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, रूपनगर-नलगढ़ रोड के ढेरोंवाल बैरियर पर भी प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम कर दिया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी।
हालांकि आपातकालीन सेवाओं को आंशिक राहत दी गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक हिमाचल सरकार एंट्री टैक्स को कम नहीं करती या पुरानी दरों पर वापस नहीं लाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस बीच, प्रशासन और पुलिस ने हालात को संभालने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रदर्शनकारियों से लगातार बातचीत की जा रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी लागू किया है।
लाल बत्ती चौक से भारी वाहनों को मैहतपुर की बजाय संतोषगढ़ की ओर भेजा जा रहा है। वहीं, मैहतपुर और बथड़ी क्षेत्र में भी प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी बनी हुई है।
एडीसी महिंद्र पाल गुर्जर के अनुसार, यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। नंगल-ऊना मार्ग पर वाहनों को अजोली मोड़, संतोषगढ़ और नगरां के रास्ते डायवर्ट किया जा रहा है। इसके अलावा हिमाचल से पंजाब जाने वाले वाहनों को भटोली मार्ग से निकाला जा रहा है।