#अपराध
July 30, 2026
हिमाचल JE ह***त्याकांड : डॉक्टर प्रेमिका ने पति और ससुर संग रची थी साजिश, 4 गिरफ्तार
पाइपलाइन ठीक करवाने के बहाने लेडी डॉक्टर ने बुलाया था JE
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में जल शक्ति विभाग के जूनियर इंजीनियर लाभ सिंह गुलेरिया की मौत के मामले में पुलिस जांच ने बड़ा मोड़ ले लिया है। कई दिनों से चर्चा में रहे इस ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले का आधिकारिक खुलासा गुरुवार को पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए जाने की संभावना है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में एक महिला डॉक्टर, उसका डॉक्टर पति, ससुर और देवर शामिल हैं। सभी से विशेष जांच दल (SIT) ने पूछताछ की और इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। तीन आरोपियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि यह वारदात महिला डॉक्टर और मृतक जूनियर इंजीनियर के बीच कथित संबंधों के शक से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और विस्तृत जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सामने आने की उम्मीद है।
![]()
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस को संदेह है कि 24 जुलाई को जूनियर इंजीनियर को पाइपलाइन संबंधी काम का हवाला देकर गांधीनगर स्थित एक घर बुलाया गया। इसके बाद वहां उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें बाद में उनके कार्यालय के पास सड़क किनारे छोड़ दिया गया।
इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए कुल्लू पुलिस ने एएसपी संजीव चौहान के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया था। जांच के दौरान कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। बताया जा रहा है कि घर में काम करने वाली एक महिला से पूछताछ भी जांच में अहम कड़ी साबित हुई।
24 जुलाई की रात परिजनों ने लाभ सिंह गुलेरिया को तलाशना शुरू किया। पहले उनकी स्कूटी मिली और कुछ दूरी पर वह गंभीर रूप से घायल हालत में पाए गए। उन्हें तत्काल कुल्लू अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।