शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मंगलवार दोपहर बाद प्रदेश के कई ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम अचानक बदल गया और रोहतांग दर्रा, शिंकुला दर्रा तथा बारालाचा जैसे ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई।
हिमाचल में फिर बर्फबारी
बर्फबारी के साथ ही पहाड़ों में ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई है। मौसम के इस बदलाव का असर प्रदेश के अन्य जिलों में भी दिखाई देने लगा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : खिड़की से छलांग लगा मासूम को लेकर फरार हुई महिला, 4 दिनों से तलाश में भटक रहा पति
अगले 5 दिन खराब रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण बुधवार से हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। विभाग का कहना है कि 11 मार्च से लेकर 16 मार्च तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।
मौसम हुआ कूल-कूल
वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। मंगलवार दोपहर बाद राजधानी शिमला सहित कई जिलों में अचानक बादल घिरने लगे। शाम होते-होते आसमान पूरी तरह बादलों से ढक गया और ठंडी हवाएं चलने लगीं। हवाओं के बदलाव से मौसम कूल-कूल हो गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: लिव-इन में रह रहा था 54 वर्षीय सरकारी कर्मचारी, हुई मौ.त- पत्नी ने लगाए प्रेमिका पर आरोप
गर्मी से मिला राहत
मौसम के इस बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के मैदानी जिलों में गर्मी का असर बढ़ने लगा था और कई स्थानों पर तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, लेकिन अब मौसम के बदलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।
गरज-चमक के साथ होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों जैसे कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर और सोलन में बारिश हो सकती है, जबकि लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के भी आसार हैं।
