शिमला। हिमाचल प्रदेश में तपती गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। आने वाले छह दिनों तक प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग की ताजा चेतावनी के अनुसार, कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का दौर चलने के आसार हैं।
हिमाचल में बारिश और ओलों की चेतावनी
मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर भारी ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार चहेतों पर मेहरबान : बिना टेंडर बांटी दवा दुकानें, RTI में खुलासा- करोड़ों का घाटा
तेज हवाओं और तूफान की भी चेतावनी
इसके साथ ही इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। वहीं ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
बताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव आ रहा है। खासकर अगले दिन इसका असर और ज्यादा देखने को मिल सकता है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में फिर से ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: स्कूल पहुंची बच्ची के पेट में उठा दर्द, सौतेले पिता ने लूटी थी इज्जत - हुआ अरेस्ट
अगले 6 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
30 अप्रैल को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। इस दिन चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। एक मई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। हालांकि, 2 मई को मौसम थोड़ी राहत दे सकता है, लेकिन 3 मई को फिर से पूरे प्रदेश में बारिश का दौर लौटने का अनुमान है।
लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत
वर्तमान में प्रदेश के कई हिस्सों में सूखे जैसे हालात बनते जा रहे हैं। खासकर मैदानी इलाकों में दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। ऊना, कांगड़ा और कुल्लू के भुंतर क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से लू जैसे हालात महसूस किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सवारियों से भरी HRTC बस की ब्रेक फेल, सामने थी गहरी खाई- 50 से ज्यादा लोग...
ऊना में पारा 42 डिग्री पार
तापमान की बात करें तो ऊना में पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि बिलासपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया है। कई शहरों में तापमान सामान्य से 6 से 7 डिग्री तक अधिक चल रहा है। ऐसे में आने वाली बारिश लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आ सकती है, साथ ही किसानों के लिए भी यह मौसम फायदेमंद साबित हो सकता है।
