लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर लगातार जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश के बीच अब लाहौल-स्पीति जिले से एक बार फिर चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहां बीती रात बादल फटने के बाद मयाड़ घाटी के धोन्धल नाले में अचानक आई भीषण बाढ़ ने तबाही मचा दी। बाढ़ का तेज बहाव नाले पर बनाया गया अस्थायी पुल अपने साथ बहा ले गया। पुल बहने के बाद क्षेत्र के लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो गई है और लोगों को जान जोखिम में डालकर उफनते पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।

पुल बहने से बढ़ी परेशानी

जानकारी के अनुसार मयाड़ घाटी के धोन्धल नाले में देर रात बादल फटने से अचानक जलस्तर कई गुना बढ़ गया। देखते ही देखते तेज बहाव ने अस्थायी पुल को पूरी तरह बहा दिया। सुबह जब लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए निकले तो पुल का नामोनिशान तक नहीं था। इससे स्थानीय ग्रामीणों और यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: जिस ट्रैक्टर से चलता था घर का चूल्हा, उसी ने छीन ली जिंदगी! परिवार ने खो दिया कमाऊ बेटा

पानी के बीच से गुजरने को मजबूर लोग

हालांकि लोक निर्माण विभाग ने सड़क को अस्थायी रूप से बहाल कर दिया है, लेकिन पुल नहीं होने के कारण वाहन और लोग नाले के बहते पानी के बीच से होकर गुजरने को मजबूर हैं। थोड़ी सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। एहतियात के तौर पर विभाग ने मौके पर मशीनरी तैनात कर रखी है और आपात स्थिति के लिए एक झूला (रोप सिस्टम) भी लगाया गया है।

हर साल बह जाता है पुल

स्थानीय लोगों का कहना है कि धोन्धल नाला हर मानसून में विकराल रूप धारण कर लेता है। बताया जा रहा है कि पिछले कई वर्षों में इस स्थान पर आठ से दस छोटे और बड़े पुल बाढ़ की भेंट चढ़ चुके हैं। इस बार भी जून महीने से लगातार नालों में बाढ़ आने के कारण क्षेत्र के लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रैकिंग के लिए निकले 10 लोग, नाला पार करते समय बहा टीम लीडर; अगले दिन मिली देह

स्थायी पुल बनाने की तैयारी

लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए सरकार ने यहां बड़े पुल को मंजूरी दे दी है। इसकी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और इसी वर्ष निर्माण कार्य शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं क्षेत्र के हालात पर नजर बनाए हुए हैं और संबंधित विभागों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

पीडब्ल्यूडी की मेहनत पर फिरा पानी

लोक निर्माण विभाग की टीमें लगातार सड़क और संपर्क मार्गों को बहाल करने में जुटी हुई हैं, लेकिन बादल फटने और बार-बार आने वाली बाढ़ के कारण उनकी मेहनत बार-बार पानी में बह रही है। विभाग का कहना है कि हालात सामान्य बनाए रखने के लिए मशीनें लगातार मौके पर तैनात हैं।

यह भी पढ़ें : हाद*से ने रुलाया हिमाचल: मां के सीने से लिपटी मिली 6 माह की मासूम, एक साथ हुआ अंतिम संस्कार

मानसून के दौरान सतर्क रहने की अपील

प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों के पास जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से भी परहेज करने की सलाह दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें