मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रसोई गैस की कमी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। केंद्र सरकार की नेशनल पीएनजी ड्राइव के तहत अब जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस PNG और वाहनों के लिए CNG स्टेशन स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हिमाचल के लिए बड़ी राहत
इससे आने वाले समय में गैस आपूर्ति को लेकर लोगों की परेशानी काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। प्रशासन ने जिले में छह अहम स्थानों को चिन्हित किया है, जहां गैस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: आंखों के सामने राख हो गए 40 आशियाने, पहने कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा; मचा हड़कंप
इन जगहों पर बनेंगे गैस स्टेशन
नमें मेडिकल कॉलेज क्षेत्र (जहां शुरुआती मंजूरी मिल चुकी है), सौली खड्ड में एचआरटीसी की भूमि, जेल रोड, सुंदरनगर की बीबीएमबी कॉलोनी, डेंटल कॉलेज परिसर और डैहर के फोरलेन के आसपास का इलाका शामिल है। इन स्थानों पर जल्द ही काम शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
क्यों जरूरी हुई यह पहल?
हाल के समय में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और खाड़ी देशों में चल रहे तनाव का असर गैस आपूर्ति पर भी पड़ा है। मंडी जिले में फिलहाल मांग के मुकाबले करीब 80 प्रतिशत ही गैस सिलेंडर उपलब्ध हो पा रहे हैं। इसी कमी को दूर करने और भविष्य में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकारी स्कूल के छात्र का गजब मॉडल : बटन दबाते ही बैग बन जाएगा छाता
कैसे मिलेगी सुविधा?
नई व्यवस्था के तहत चयनित स्थानों पर बड़े गैस टैंक स्थापित किए जाएंगे, जिन्हें ट्रकों के माध्यम से भरा जाएगा। वहीं, पीएनजी कनेक्शन के जरिए घरों तक सीधे पाइपलाइन पहुंचाई जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग या गैस खत्म होने की चिंता से छुटकारा मिलेगा और चौबीसों घंटे गैस उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने पेंशनरों को दी बड़ी राहत, पेंशन बढ़ोतरी के साथ की पहले सप्ताह में देने की व्यवस्था
प्रशासन तेज कर रहा प्रक्रिया
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक बृजेंद्र पठानिया के अनुसार, इस परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों जैसे HRTC और मेडिकल कॉलेज प्रशासन के साथ जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। साथ ही, लोगों को PNG के फायदे बताने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
