लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की दसवीं कक्षा की छात्रा अनुष्का ने ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा संवाद कर न केवल अपने स्कूल और जिले, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंची अनुष्का की यह उपलब्धि आज हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

हिमाचल की छात्रा ने PM से की बात

गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, उदयपुर की छात्रा अनुष्का का चयन देशभर से चुने गए उन 36 विद्यार्थियों में हुआ, जिन्हें दिल्ली में आयोजित इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करने का अवसर मिला।

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल ! दो दिन जमकर होगी बारिश-बर्फबारी : 4 जिलों में छाएगा घना कोहरा, अलर्ट जारी

‘एग्जाम वॉरियर्स’ ने बदली सोच

प्रधानमंत्री से संवाद के दौरान अनुष्का ने खुलकर साझा किया कि PM मोदी की पुस्तक ‘एग्जाम वॉरियर्स’ ने परीक्षा को देखने का उनका नजरिया पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने बताया कि पहले जैसे ही परीक्षा की तारीख नजदीक आती थी, मन में घबराहट और डर पैदा हो जाता था। मगर अब वह परीक्षा को बोझ नहीं, बल्कि सीखने और खुद को परखने का अवसर मानती हैं।

 

Himachal Student Talks PM Modi | Pariksha Pe Charcha 2026

डर की जगह आया आत्मविश्वास

अनुष्का के अनुसार, इस पुस्तक ने उन्हें यह समझने में मदद की कि परीक्षा जीवन का अंत नहीं होती, बल्कि यह आत्मविकास की एक प्रक्रिया है। किताब से मिली सीख ने उनके भीतर आत्मविश्वास पैदा किया और नकारात्मक सोच से बाहर निकलने की ताकत दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खोया एक और वीर जवान : तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर पहुंचा घर, 25 साल थी उम्र

PM मोदी ने की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुष्का के विचारों और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए मंच से छात्रों के लिए तीन अहम संदेश दिए। उन्होंने कहा कि डर मन की उपज है और यदि सोच सकारात्मक हो, तो सबसे कठिन चुनौती भी आसान लगने लगती है।

 

Himachal Student Talks PM Modi | Pariksha Pe Charcha 2026

क्या बोले PM मोदी?

PM मोदी ने छात्रों से कहा कि परीक्षा को दबाव नहीं, बल्कि अवसर के रूप में देखें। उन्होंने अभिभावकों की भूमिका पर भी जोर देते हुए कहा कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय घर में विश्वास और सकारात्मक वातावरण बनाना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल अंक ही सफलता का पैमाना नहीं होते। समय प्रबंधन, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियां और मानसिक संतुलन भी जीवन में उतने ही जरूरी हैं।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने रोका विधायकों का पैसा : शिकायत लेकर गर्वनर के पास पहुंचे जयराम ठाकुर

प्रदेशभर के स्कूलों में देखा गया लाइव प्रसारण

इस ऐतिहासिक पल के दौरान मंच पर अनुष्का के साथ उनकी एस्कॉर्ट शिक्षिका पूनम आनंद भी मौजूद रहीं, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम में छात्रा का उत्साह बढ़ाया। ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का सीधा प्रसारण हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में किया गया, जिसे हजारों छात्रों और शिक्षकों ने एक साथ देखा।

 

Himachal Student Talks PM Modi | Pariksha Pe Charcha 2026

 

कार्यक्रम के बाद प्रदेश के कई स्कूलों में छात्रों ने चर्चा करते हुए बताया कि अनुष्का की कहानी ने उन्हें परीक्षा के डर से बाहर निकलने की प्रेरणा दी है। विशेष रूप से जनजातीय और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह संदेश बेहद अहम साबित हुआ है।

यह भी पढ़ें : आर्थिक तंगी के बीच सुक्खू सरकार का अफसरों को तोहफा : इंटरनेट खर्च को लेकर दी बड़ी सहूलियत

अनुष्का बनी मिसाल

लाहौल-स्पीति जैसे सीमित संसाधनों वाले जिले से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर प्रधानमंत्री से संवाद करना अनुष्का की मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच का परिणाम है। आज अनुष्का की यह सफलता सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए यह विश्वास जगाने वाली कहानी बन गई है कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, हौसले मजबूत हों तो मंजिल जरूर मिलती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें