कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार ने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ समाज के लिए भी गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। चिंताजनक बात यह है कि अब नशा तस्करी के मामलों में केवल युवक ही नहीं, बल्कि महिलाएं और युवतियां भी लगातार पुलिस के शिकंजे में आ रही हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सामने आ रहे मामलों ने यह संकेत दिया है कि नशे का अवैध कारोबार अब नए-नए रूप ले रहा है।

 

इसी कड़ी में पर्यटन नगरी मनाली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक युवती को लाखों रुपये मूल्य के चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

गुप्त सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार मनाली पुलिस को गुप्त माध्यमों से सूचना मिली थी कि चचोगा क्षेत्र में एक महिला के पास भारी मात्रा में नशीला पदार्थ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए कार्रवाई की योजना बनाई और संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस ने होटल विंटेज के समीप स्थित एक रिहायशी मकान की तलाशी ली] जहां एक युवती किराये पर रह रही थी। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके कब्जे से 15.240 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टे के 'फैमिली बिजनेस' का पर्दाफाश: मां, बेटा, बहू और बेटी गिरफ्तार; परतें खोल रही पुलिस

तीन लाख से अधिक आंकी गई नशे की कीमत

पुलिस के अनुसार बरामद किए गए चिट्टे की अवैध बाजार में कीमत करीब तीन लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत युवती को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती पंजाब के तरनतारन जिले की रहने वाली है और कुछ समय से मनाली क्षेत्र में रह रही थी।

महिलाओं की बढ़ती संलिप्तता ने बढ़ाई चिंता

प्रदेश में पिछले कुछ समय के दौरान सामने आए नशा तस्करी के मामलों में महिलाओं और युवतियों की बढ़ती संलिप्तता ने पुलिस और समाज दोनों की चिंता बढ़ा दी है। पहले जहां नशा तस्करी में मुख्य रूप से पुरुषों की भूमिका सामने आती थी, वहीं अब महिलाओं के नाम भी लगातार ऐसे मामलों में सामने आ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि नशे के अवैध कारोबार में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज के लिए बेहद चिंताजनक संकेत है और इसे गंभीरता से लेने की आवश्यकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 'मुन्नाभाई स्टाइल' का खुलासा: भाई की जगह परीक्षा देने बैठ गई बहन; ऐसे खुला राज

किसके लिए लाई गई थी खेप? जांच में जुटी पुलिस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस बात की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक तलाश रही हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू ने छुट्टी के दिन कर दी बड़ी घोषणाएं, वेतन-एरियर से लेकर HRTC पेंशनरों को दे दी राहत

पर्यटन नगरी में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई

मनाली जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल में नशा तस्करी के मामलों को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। पर्यटन सीजन के दौरान नशा तस्कर सक्रिय होने की कोशिश करते हैं, जिसे देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी और विशेष अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि देवभूमि हिमाचल को नशे के जाल से बचाने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी और तेज किया जाएगा तथा नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें