कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नाबालिग बेटियों से जुड़े अपराधों में लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है। आए दिन सामने आ रहे ऐसे मामलों ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। इसी कड़ी में अब कुल्लू जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है] जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की का अपहरण कर उससे शादी करने की घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।

स्कूल गई छात्रा अचानक लापता

जानकारी के अनुसार मामला पुलिस थाना आनी के अंतर्गत आने वाले एक गांव का है। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी 15 वर्षीय बेटी 24 अप्रैल को रोज की तरह अपने स्कूल खनाग के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिवार ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल शर्मसार: बेटी ने अपने ही पिता के बच्चे को दिया जन्म, कई बार किया था मुंह काला

फोन कॉल ने बढ़ाई चिंता

परिजनों के मुताबिक, लापता होने के कुछ समय बाद लड़की का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि उसने किसी व्यक्ति से शादी कर ली है। इतना कहकर उसने फोन काट दिया। इस कॉल के बाद परिवार के होश उड़ गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

अपहरण और शादी का मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण और नाबालिग से शादी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। कानून के अनुसार नाबालिग से शादी करना अपराध है, ऐसे में पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल शर्मसार कलयुगी पिता ने गर्भवती कर दी अपनी ही बेटी, कच्ची उम्र में दिया बच्चे को जन्म

पुलिस ने तेज की तलाश

एसपी कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और नाबालिग लड़की की सुरक्षित बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : BREAKING हिमाचल: बारातियों से भरी स्कॉर्पियो फ्लाईओवर पर पलटी, चीख-पुकार सुन बचाने दौड़े लोग

बढ़ते मामलों से समाज में चिंता

प्रदेश में लगातार बढ़ रहे इस तरह के मामलों ने अभिभावकों और समाज को चिंता में डाल दिया है। यह घटना एक बार फिर इस बात की चेतावनी देती है कि नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्कता और जागरूकता की आवश्यकता है, ताकि ऐसे अपराधों को रोका जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें