ऊना। हिमाचल प्रदेश में अब लूटपाट की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिससे आम लोगों के मन में डर का माहौल बनता जा रहा है। ऊना जिला में बीते 24 घंटों के भीतर ही दो बड़ी आपराधिक घटनाएं सामने आने से कानून.व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जहां एक ओर हाल ही में एक शराब ठेके पर लूटपाट की वारदात ने सनसनी फैलाई थी, वहीं अब बहडाला स्थित एक पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने धावा बोलकर दहशत फैला दी।
नकाबपोश लुटेरों ने बोला धावा
शुक्रवार देर रात ऊना.चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित बहडाला के एक पेट्रोल पंप पर तीन नकाबपोश बदमाश बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर पहुंचे। आते ही वे सीधे पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुस गए और हथियारों के दम पर कर्मचारियों को डराने-धमकाने लगे। उनका मकसद साफ तौर पर लूटपाट करना था, लेकिन हालात उनके मुताबिक नहीं रहे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट में सुक्खू सरकार की फजीहत, कड़ी फटकार के साथ दूसरी बार लगाया भारी जुर्माना
कर्मचारियों की बहादुरी से नाकाम हुई वारदात
बदमाशों ने कर्मचारियों को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन पेट्रोल पंप स्टाफ ने हिम्मत दिखाते हुए उनका डटकर सामना किया। कर्मचारियों के इस विरोध से घबराकर लुटेरे खुद को घिरा हुआ महसूस करने लगे, जिससे उनकी योजना पूरी तरह से विफल हो गई।
फायरिंग कर फैलाई दहशत
जब लुटेरे अपने इरादों में असफल होते दिखे, तो उनमें से एक ने तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी, ताकि डर का माहौल बनाकर भागने का रास्ता साफ किया जा सके। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में कोई भी कर्मचारी घायल नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ती देख तीनों आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए। वे अपनी बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए वहां से निकल गए। कर्मचारियों की सतर्कता और साहस के कारण लुटेरे अपनी मंशा में सफल नहीं हो पाए और बिना कुछ लूटे ही भागना पड़ा।
यह भी पढ़ें ; हिमाचल: पहाड़ से गिरा मलबा, चपेट में आया 25 वर्षीय मशीन ऑपरेटर- बुझ गया परिवार का चिराग
पुलिस की कार्रवाई और जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना ऊना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कर्मचारियों से पूछताछ की। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैंए जो आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में हीटवेव की दस्तक, सामान्य से ऊपर चढ़ा पारा- ऊंचाई वाले इलाके भी हुए गर्म
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। आसपास के इलाकों के कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि बदमाशों तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने जिस हथियार का इस्तेमाल किया, वह एयर पेलेट गन थी, जिसे आमतौर पर जंगली जानवरों को डराने के लिए उपयोग किया जाता है। हालांकि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नया जमीन घोटाला: 200 करोड़ की जमीन का कौड़ियों में सौदा, सवालों के घेरे में SDM
लगातार वारदातों से बढ़ी चिंता
ऊना जिला में एक के बाद एक सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। 24 घंटे के भीतर दो लूट की कोशिशों ने यह संकेत दिया है कि अपराधी अब अधिक सक्रिय हो रहे हैं। ऐसे में पुलिस और प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
