सोलन। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रही नशा तस्करी के बीच सोलन जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। सोलन बाईपास स्थित एक होटल में SIU की टीम ने दबिश देकर पांच युवकों को गिरफ्तार किया है।
होटल में पुलिस रेड
मिली जानकारी के अनुसार, SIU टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सोलन बाईपास के पास एक होटल में कुछ युवक नशीले पदार्थ के साथ ठहरे हुए हैं। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल में छापा मारा।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य को पसंद आई AAP सांसद राघव की राजनीति, तारीफ में पढ़े कसीदे
चिट्टे संग पांच युवक अरेस्ट
तलाशी के दौरान पांच युवकों के पास से 21.18 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए पांच युवकों में से चार हरियाणा के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी सोलन जिले का निवासी बताया जा रहा है।
क्यों आए थे हिमाचल?
पुलिस का मानना है कि आरोपी नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त के लिए इलाके में आए हुए थे। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की जनता को बड़ी राहत : समय पर मिलेगा सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल की भी नहीं कमी
बड़े नेटवर्क से जुड़े तार
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चिट्टा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
लगातार बढ़ रही नशा तस्करी
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से हिमाचल प्रदेश में चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले तेजी से बढ़े हैं। खासकर सीमावर्ती राज्यों से जुड़े जिलों में नशा तस्करों की गतिविधियां चिंता का विषय बनती जा रही हैं। आए दिन पुलिस द्वारा चिट्टा तस्करों की गिरफ्तारी से यह साफ है कि प्रदेश में नशे का नेटवर्क युवाओं को अपनी गिरफ्त में लेने की कोशिश कर रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सिर्फ 3 दिन स्कूल आईं 'मैडम जी', पांच साल ड्यूटी से रही गायब- अब गई नौकरी
नशा बन रहा गंभीर समस्या
सरकार और पुलिस प्रशासन लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद तस्कर नए-नए तरीकों से इस धंधे को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ समाज को भी जागरूक होकर नशे के खिलाफ मजबूत लड़ाई लड़नी होगी, तभी हिमाचल के युवाओं को इस गंभीर समस्या से बचाया जा सकेगा।
