शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रोहड़ू क्षेत्र में धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हुई हवाई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। कुलगांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 26 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत के बाद माहौल शोक में डूब गया है।
देव अनुष्ठान में चली गोली पर बड़ा अपडेट
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तुरंत मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जिला उपायुक्त अनुपम कश्यप ने BNSS, 2023 की धारा 196 के तहत इस पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बारिश और ओलों की चेतावनी : अगले 6 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, गर्मी से मिलेगी राहत
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस जांच का मकसद घटना के असली कारणों तक पहुंचना, जिम्मेदार लोगों की पहचान करना और किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को सामने लाना है।
7 दिन में देनी होगी रिपोर्ट
इस जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा को सौंपी गई है। उन्हें सात दिनों के भीतर पूरी रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर होगी।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार चहेतों पर मेहरबान : बिना टेंडर बांटी दवा दुकानें, RTI में खुलासा- करोड़ों का घाटा
दोषियों को मिलेगी सजा
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं भविष्य में न हों, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे और सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
किन फैक्ट्स पर होगी जांच?
जांच के दौरान कई अहम पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही शस्त्र अधिनियम, 1959 के उल्लंघन की भी जांच की जाएगी। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि-
- फायरिंग की घटना किन परिस्थितियों में हुई?
- रीतिका की मौत का सटीक कारण क्या रहा?
- किन लोगों की इसमें भूमिका रही?
- क्या आयोजनकर्ताओं की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: स्कूल पहुंची बच्ची के पेट में उठा दर्द, सौतेले पिता ने लूटी थी इज्जत - हुआ अरेस्ट
राज्यपाल ने शोक व्यक्त किया
इस दर्दनाक घटना पर प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि देवभूमि में इस तरह की घटनाएं निंदनीय हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
प्राण प्रतिष्ठा में हुआ हादसा
दरअसल, यह हादसा उस वक्त हुआ जब कुलगांव में लंबे समय के बाद बने एक भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से जुड़ा धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था। पारंपरिक ‘संघेड़ा’ रस्म के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे और उत्सव का माहौल था। इसी दौरान परंपरा के नाम पर कुछ लोग हथियारों के साथ शक्ति प्रदर्शन कर रहे थे। भीड़ और शोर के बीच अचानक किसी ने हर्ष फायरिंग कर दी और एक गोली सीधे 26 वर्षीय महिला को जा लगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सवारियों से भरी HRTC बस की ब्रेक फेल, सामने थी गहरी खाई- 50 से ज्यादा लोग...
मौके पर मची चीख-पुकार
गोली लगते ही महिला मौके पर गिर पड़ी और कुछ ही पलों में खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। इस घटना ने न केवल एक परिवार को गहरा दुख दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि परंपराओं के नाम पर इस तरह की लापरवाही कब तक जारी रहेगी।
