मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सरकाघाट क्षेत्र के बसंतपुर गांव में एक हंसते-खेलते परिवार में उस समय मातम पसर गया, जब घर के मुखिया ने खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
बंद कमरे में फंदे से झूलता मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 47 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो बसंतपुर गांव के ही निवासी थे। सुनील कुमार वर्तमान में शाखा डाकघर रखोह में कार्यरत थे। सोमवार सुबह जब बंद कमरे में उनका शव फंदे से लटकता मिला, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। एक पल में हंसते-खेलते घर की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं और परिवार ने हमेशा के लिए अपना सहारा खो दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बेटी को लेकर थाने पहुंची मां- फिर कोर्ट में पलटा बयान, झूठा निकला दुष्क**र्म का केस
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस को तुरंत मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद सोमवार सुबह फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने सरकाघाट पुलिस के साथ घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया। टीम ने मौके से जरूरी भौतिक साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के लिए आज बड़ा दिन- पूरी तरह साक्षर हुआ प्रदेश, दिल्ली में शिक्षा मंत्री लेंगे सम्मान
आत्महत्या के कारणों पर सस्पेंस बरकरार
डाक कर्मचारी सुनील कुमार ने इतना कठोर कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। मौके से कोई सुसाइड नोट मिला या नहीं, पुलिस इस पहलू पर भी चुप्पी साधे हुए है। सरकाघाट पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : पोते ने पूरा किया दादा का सपना, भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन बढ़ाया मान
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी (SHO) सरकाघाट रजनीश ठाकुर ने बताया कि पुलिस हर संभावित कोण से जांच आगे बढ़ा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक किसी मानसिक या वित्तीय तनाव में तो नहीं था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
