मंडी। खिलाफ बढ़ते जनाक्रोश के बीच हिमाचल प्रदेश से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। यहां जिला मंडी और बिलासपुर बाउंड्री पर त्रिफालघाट क्षेत्र में ग्रामीणों ने कथित तौर पर चिट्टा सेवन कर रहे तीन युवकों को पकड़ लिया।
गांव वालों ने कर दी पिटाई
इसके बाद गुस्साए लोगों ने उनकी डंडों से पिटाई कर दी। इस दौरान एक युवक के कपड़े तक उतरवा दिए गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में मुर्गा स्कैम : रातों-रात बेच दिए 19 लाख के मुर्गे, पुलिस के पास पहुंचा मामला
वीडियो में पूछताछ करते दिखे ग्रामीण
वायरल वीडियो में स्थानीय लोग तीनों युवकों से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान एक युवक कथित रूप से यह स्वीकार करता सुनाई दे रहा है कि उसने 500-500 रुपये में 16 पुड़ियां बेची थीं। वीडियो में वह कुछ अन्य लोगों के नाम भी लेता दिखाई दे रहा है, जिनमें मंडी जिले के कुछ युवाओं के नाम बताए जा रहे हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इलाके में बढ़ते नशे के कारोबार से लोगों में गुस्सा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में नशे की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे युवा पीढ़ी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि चिट्टे का कारोबार गांवों तक पहुंच चुका है और इसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस ने टोल बैरियर और बाजार में मारा छापा- सरकारी कर्मचारी समेत 5 चिट्टा तस्कर अरेस्ट
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि केवल नशा बेचने वालों ही नहीं, बल्कि इसके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाना चाहिए, ताकि युवाओं को इस दलदल से बचाया जा सके।
पुलिस बोली- मामला अभी संज्ञान में नहीं
DSP सरकाघाट संजीव कुमार गौतम ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना घुमारवीं क्षेत्र से संबंधित हो सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला : मिड-डे मील में नहीं होगा भेदभाव- रोल नंबर अनुसार बैठेंगे बच्चे
कानून हाथ में लेने पर भी उठे सवाल
घटना के वीडियो के सामने आने के बाद जहां नशे के खिलाफ लोगों के गुस्से की चर्चा हो रही है, वहीं कुछ लोग कानून को अपने हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठा रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की सच्चाई क्या है।
