कुल्लू। सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकली एक 14 वर्षीय छात्रा के साथ ऐसा क्या हुआ कि कुछ ही देर बाद उसकी जिंदगी खत्म हो गई, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के कशावरी क्षेत्र में सामने आई इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। परिवार के साथ-साथ स्कूल और गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
जंगल में मिला छात्रा का शव
मृतका की पहचान मुस्कान (14) पुत्री अमरनाथ, निवासी देऊगरा, डाकघर भ्रैण, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छमाहण में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार मुस्कान बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपनी सहेलियों के साथ स्कूल के लिए घर से निकली थी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में गर्मी के बीच तेज बारिश का अलर्ट जारी : कई जिलों में आएगा तूफान, ओले भी बरसेंगे
सहेलियों से कहा, वॉशरूम जाना है
रास्ते में नांडा पूजू जंगल के पास पहुंचने पर मुस्कान ने अपनी सहेलियों से कहा कि उसे वॉशरूम जाना है। इसके बाद उसकी सहेलियां आगे बढ़ गईं। जब करीब दस मिनट तक मुस्कान वापस नहीं आई तो सहेलियां उसे तलाशते हुए पीछे लौटीं।
देवदार के पेड़ से लटकी मिली छात्रा
तलाश के दौरान सहेलियों ने मुस्कान को देवदार के पेड़ की एक टहनी से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखकर वे घबरा गईं और तुरंत आसपास के लोगों तथा परिजनों को इसकी सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल यूनिवर्सिटी में छात्रों तक पहुंचाता था चिट्टा, पुलिस ने ढेर सारी खेप संग धरा तस्कर
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। SP कुल्लू मदन लाल ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।
इलाके में शोक की लहर
कम उम्र में छात्रा की मौत से परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है। स्कूल में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है। हर कोई यही सवाल पूछ रहा है कि आखिर मुस्कान के मन में ऐसा क्या चल रहा था, जिसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
