कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में रेव पार्टियों पर बढ़ती सख्ती के बीच कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हाईकोर्ट द्वारा ऐसे आयोजनों पर कड़ा रुख अपनाए जाने के बाद पुलिस ने कसोल के पास जंगल क्षेत्र में चल रही एक रेव पार्टी में दबिश दी।
हिमाचल के जंगल में रेव पार्टी
जांच के दौरान दो युवकों के कब्जे से कोकीन, LSD, एक्स्टेसी गोलियां और चरस बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नशे के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल: अधूरे प्यार का दर्द नहीं सह पाया युवक, कमरे में नोट छोड़ उठा लिया खौफनाक कदम
कैसे पहुंची पुलिस टीम?
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कसोल के पास जंगल क्षेत्र में एक निजी आयोजन के दौरान नशीले पदार्थों का सेवन और लेन-देन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पार्टी करने की ली थी परमिशन
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी। मगर मौके पर कुछ लोगों के पास संदिग्ध पदार्थ होने की आशंका पर तलाशी अभियान चलाया गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में सियासी उलटफेर- बहुमत वाली कांग्रेस नहीं बचा पाई उपाध्यक्ष की कुर्सी, BJP ने चौंकाया
कई तरह का नशा बरामद
तलाशी के दौरान केरल निवासी एक युवक के पास से कोकीन बरामद की गई। वहीं पंजाब के एक अन्य युवक के कब्जे से एक्स्टेसी गोलियां, एलएसडी स्ट्रिप, कोकीन और चरस बरामद होने की बात सामने आई है। बरामद सामग्री के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कहां से लाया नशा?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच केवल बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि प्रतिबंधित नशीले पदार्थ आरोपियों तक कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। जांच एजेंसियां नशे की आपूर्ति श्रृंखला और संभावित नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बनेगी अटल टनल से भी बड़ी सुरंग, सालभर खुला रहेगा मनाली-लेह मार्ग
दो युवक हुए गिरफ्तार
मणिकर्ण थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और नशे के स्रोत से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
नशा तस्करों पर पूरी नजर
जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थलों पर नशे के कारोबार और सेवन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और पर्यटन स्थलों की छवि बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।
