सोलन। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद नशे से जुड़े लोग अब स्कूलों के आसपास भी सक्रिय नजर आ रहे हैं, जिससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। ताजा मामला सोलन जिले के दाड़लाघाट से सामने आया है, जहां एक स्कूल के पास तीन युवक संदिग्ध हालत में घूमते हुए पाए गए। इस दौरान एक युवक के पास से सिरिंज मिलने का दावा किया गया।

 स्कूल के पास संदिग्ध हालत में घूमते मिले 3 युवक

उपतहसील दाड़लाघाट में PM श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट के पास वीरवार दोपहर करीब 2 बजे तीन युवक संदिग्ध हालत में घूमते हुए दिखाई दिए। युवकों की गतिविधियां देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ।

यह भी पढ़ें- भारी बारिश के बीच डैम में तैरती मिली अज्ञात देह- तेज बहाव में बह गई आगे

इसके बाद लोगों ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान स्थानीय लोगों ने दावा किया कि एक युवक के पास से सिरिंज मिली। इसी बीच दो अन्य युवकों ने वहां से जाने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना दाड़लाघाट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों युवकों को अपने साथ लिया और सिरिंज को भी कब्जे में ले लिया। इसके बाद तीनों युवकों को मेडिकल जांच के लिए नागरिक अस्पताल अर्की भेजा गया।

यह भी पढ़ें- ऑन ड्यूटी मौज कर रहे पुलिसवालों पर एक्शन, DGP ने जारी किया सख्त फरमान

स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले की जांच करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि युवकों के पास सिरिंज कहां से आई। अगर इस मामले के पीछे कोई सप्लायर या नशे से जुड़ा नेटवर्क है तो उसका भी पता लगाकर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

स्कूल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों से चिंता

स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि विद्यालय के आसपास इस तरह की संदिग्ध गतिविधियां चिंता का विषय हैं। उन्होंने प्रशासन से स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी अपील की।

यह भी पढ़ें- विक्रमादित्य ने PM मोदी को दी नसीहत: बोले- शिक्षा मंत्री का लें इस्तीफा, फिर छात्रों से करें बात

मेडिकल और एफएसएल रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

थाना प्रभारी दाड़लाघाट पंकज शर्मा ने बताया कि तीनों युवकों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि उन्होंने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया है या नहीं। पुलिस ने सिरिंज को भी जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

रिपोर्ट के आधार पर तय होगा मामला दर्ज होगा या नहीं

पुलिस के अनुसार, मेडिकल और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि इस मामले में कोई आपराधिक प्रकरण बनता है या नहीं। इसके बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।