शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जगातखाना पुल से सतलुज नदी में छलांग लगाने वाले 20 वर्षीय युवक का शव अब दो दिन बाद बरामद कर लिया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस से लगा दी छलांग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के रामपुर का है। यहां पर बीते शनिवार को एक युवक अज्ञात कारणों के चलते जगातखाना पुल पर पहुंचा और वहां से उफनती सतलुज नदी में छलांग लगा दी। उस समय नदी का बहाव काफी तेज था, जिससे उसकी तलाश करना काफी मुश्किल हो गया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में सरकारी अफसर की दबंगई...ऑफिस कर्मियों से कटवाई अपने खेतों की गेहूं, उठवाया गोबर
युवक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के वक्त वहां मौजूद कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण उस दिन सफलता नहीं मिल सकी।
लगातार दो दिनों से NDRF टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
इसके बाद प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को भी बुलाया। पुलिस और NDRF की संयुक्त टीम ने लगातार दो दिनों तक नदी के किनारों और अंदर सर्च ऑपरेशन चलाया। गोताखोरों ने भी काफी मशक्कत की, लेकिन शुरू में कोई सुराग नहीं मिल पाया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल पंचायत इलेक्शन : चंद घंटों में बजेगा चुनावी बिगुल, अगले एक महीने के लिए लगेगी आचार संहिता
युवक का शव मिलने से परिवार में मचा कोहराम
आखिरकार मंगलवार सुबह सर्च टीम को सफलता मिली और युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। जैसे ही यह खबर परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खनेरी अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी।
मृतक की पहचान
रोहित उम्र 20 साल निवासी रामपुर के अपर लहासा, जिला शिमला के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल की ये पंचायत सूरज की रोशनी से कमाएगी पैसा- हर साल होगा 28 लाख का टर्नओवर
परिजनों के दर्ज किए पुलिस में बयान
DSP रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि रोहित ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और परिजनों व अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
