सोलन। हिमाचल प्रदेश में पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। आए दिन पुलिस नशे की ढेर सारी खेप के साथ नशा तस्करों को अरेस्ट कर रही है। ताजा मामला जिला सोलन से सामने आया है। यहां पुलिस ने लाखों के चिट्टे संग दो तस्करों को अरेस्ट कर लिया है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के शामती से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेंकिग की जा रही थी। गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो कार सवार नशे की खेप लेकर शामती की तरफ आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में वाहन बने काल : दशहरे पर उजड़े दो परिवार, पूरे गांव में पसरा मातम
कार से मिला लाखों का चिट्टा
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान सामने से आ रही फोर्ड फिगो एस्पायर कार को पुलिस ने जांच के लिए रोका। पुलिस को देखते ही कार सवार घबरा गए, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। इसके बाद पुलिस टीम ने शक के आधार पर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 54 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद हुआ। इतनी मात्रा में नशीला पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने चिट्टे को कब्जे में लेकर कार को भी जब्त कर लिया।
आरोपियों की पहचान
पकड़े गए युवकों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी 35 वर्षीय नरजीत सिंह उर्फ नवी और हरियाणा के अंबाला निवासी 29 वर्षीय रवि के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस गांव में पहले बंदू*क से फोड़ते हैं पाप का घड़ा, फिर होता है रावण दहन
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े संभावित पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस के मुताबिक, जिस क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई होने की आशंका है, वहां कई निजी विश्वविद्यालय और शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई करते हैं।
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच
पुलिस इस मामले में आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और क्या इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है।
