सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोसन में तेज बारिश के बीच बद्दी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां पर पुलिस ने क युवक को करीब 400 किलोग्राम नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

सरकारी स्कूल के पास वाहन की तलाशी, 20 बोरों में मिला नशीला पदार्थ

पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने वार्ड नंबर-9 स्थित सरकारी स्कूल के पास एक महिंद्रा फोर व्हीलर को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 20 प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए। इन बोरों में कुल 399.500 किलोग्राम अफीम डोडे भरे हुए थे।

यह भी पढ़ें- लाल टमाटर ने बदली किस्मत, किसानों ने किया 50 करोड़ का कारोबार

रामशहर के व्यक्ति को किया गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में राकेश कुमार पुत्र लक्ष्मी चंद, निवासी गांव मनलोग खुर्द, डाकघर चमदार, तहसील रामशहर, जिला सोलन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।

तीन दिन में नशे के खिलाफ लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई

एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इससे पहले 24 जुलाई को स्पेशल सेल ने 58.212 किलोग्राम चूरा-पोस्त और 25 जुलाई को 4.048 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। अब तीसरे दिन पुलिस ने करीब 400 किलो अफीम डोडे पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 3 साल की नीतिक्षा का कमाल, महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र का शुद्ध पाठ कर बनाया रिकॉर्ड

नशा तस्करों को किसी भी हालत में नहीं बख्शेगी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बद्दी पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।