कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जल शक्ति विभाग के एक जेई की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने ड्यूटी से घर लौट रहे जेई के साथ जमकर मारपीट और उसे अधमरा कर ऑफिस के पास ही फेंक कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जेई ने जिंदगी और मौत के बीच दो दिन तक संघर्ष कियाए लेकिन आखिरकार उपचार के दौरान एम्स बिलासपुर में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

ड्यूटी से घर लौटते समय हुआ हमला

मृतक की पहचान जिला कुल्लू के खौला निवासी लाभ सिंह गुलेरिया के रूप में हुई है, जो जलशक्ति विभाग में कनिष्ठ अभियंता के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार 24 जुलाई की शाम वह रोजाना की तरह ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसी बीच रात करीब 11 बजे लाभ सिंह ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि वह पिरड़ी पुल के पास हैं और घर लौट रहे हैं। इसके बाद उनका मोबाइल संपर्क भी टूट गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: महिला के घर जबरन घुस किया ब्लैक...मेल, बनाया गंदा वीडियो; पति-पत्नी पर केस

सड़क किनारे लहूलुहान हालत में मिले

जब काफी देर तक लाभ सिंह घर नहीं पहुंचे तो परिवार के सदस्य उनकी तलाश में निकल पड़े। खोजबीन के दौरान रोटरी आई अस्पताल, गांधीनगर के पास उनकी स्कूटी सुरक्षित खड़ी मिली। इसके बाद आसपास तलाश करने पर वह कार्यालय से करीब 50 मीटर दूर सड़क किनारे एक सब्जी के खोखे के पास मुंह के बल गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। उनके शरीर पर मारपीट के निशान बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: दिहाड़ी लगाने गया था पति, पत्नी ने उठाया गलत कदम- 2 साल की मासूम ने खोई मां

दो दिन तक चली जिंदगी की जंग

परिजन तत्काल उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। अस्पताल में लगातार इलाज चलता रहा, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ले ली। उनकी मौत की खबर से परिवार और विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक की पत्नी कांता देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनके पति के साथ अज्ञात लोगों ने रास्ता रोककर बेरहमी से मारपीट की, जिसके कारण उनकी मौत हुई। उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें- HRTC का बड़ा फर्जीवाड़ा : इंस्पेक्टर गायब, कंडक्टर ने खुद ही बना दी चेकिंग रिपोर्ट- 3 सस्पेंड

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संभावित आरोपितों की तलाश के लिए विभिन्न टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें