बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां पर पुलिस ने नशा तस्करी के मुख्य सप्लायर को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है।
तकनीकी जांच के दौरान सप्लायर तक पहुंची पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर के कोट कहलूर थाना क्षेत्र के जंडोरी से सामने आया है। पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच की। इसके अलावा बैंक खातों में हुए पैसों के लेन-देन को भी खंगाला गया। इसी जांच के दौरान पुलिस को नशे की सप्लाई से जुड़े कई अहम सुराग मिले।
यह भी पढ़ें : ट्रैकिंग के लिए निकले 10 लोग, नाला पार करते समय बहा टीम लीडर; अगले दिन मिली देह
3 महीने में सप्लायर के खाते में भेजे करीब 2 लाख रुपये
जांच में सामने आया कि इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी धनपत उर्फ गोल्डी ने पिछले करीब तीन महीनों में पंजाब के सप्लायर के बैंक खाते में अलग-अलग माध्यमों से करीब 2 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। पुलिस को इसी मनी ट्रेल यानी पैसों के लेन-देन से मुख्य सप्लायर तक पहुंचने में मदद मिली।
होशियारपुर में दबिश देकर आरोपी को किया गिरफ्तार
पुख्ता सबूत मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस ने पंजाब के होशियारपुर में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने कमलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस पूरे मामले में नशे के नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की भी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमलजीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के होशियारपुर जिले का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें : ट्रैकिंग के लिए निकले 10 लोग, नाला पार करते समय बहा टीम लीडर; अगले दिन मिली देह
क्या था मामला ?
बता दें कि 12 जुलाई को पुलिस जंडोरी क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक वाहन की चैकिंग के समय धनपत उर्फ गोल्डी और रोहित कुमार उर्फ रोतू, दोनों निवासी बरोठा डवाला, के कब्जे से 13.39 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच शुरू की थी।
अब पूरे ड्रग नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों से जुड़े डिजिटल डिवाइस और बैंक खातों की जांच की, जिसके बाद मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाई गई। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की सप्लाई से जुड़े और कितने लोग इस नेटवर्क का हिस्सा हैं।
यह भी पढ़ें : हाद*से ने रुलाया हिमाचल: मां के सीने से लिपटी मिली 6 माह की मासूम, एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
क्या बोले SP बिलासपुर
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुख्य सप्लायर को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया गया है। अब इस पूरे ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
