कुल्लू। आज के दौर में बच्चों और किशोरों के बीच बढ़ता भावनात्मक दबाव परिवारों के लिए बड़ी चिंता बनता जा रहा है। छोटी-छोटी बातों पर आवेश में लिए गए फैसले कई बार पूरे परिवार की जिंदगी बदल देते हैं।
16 वर्षीय लड़के ने उठाया गलत कदम
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से भी एक ऐसा ही दुखद मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय किशोर की जहरीला पदार्थ खाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में 4 दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, कई जिलों में फ्लैश फ्लड बढ़ाएगा मुश्किलें
कुछ दिनों तक अस्पताल में चला उपचार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भुंतर थाना क्षेत्र के गांव नंजा, डाकघर ठेला निवासी 16 वर्षीय ठाकुर दास उर्फ रोहित ने 22 जुलाई को घर में रखा खरपतवार नाशक पदार्थ खा लिया था।
अस्पताल में तोड़ा दम
परिजन उसे गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसका इलाज जारी रहा। हालांकि हालत में सुधार नहीं हो सका और 25 जुलाई को हरिहर अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- बाबा बालकनाथ मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी- 2 ने तोड़ा दम, 13 घायल
शुरुआती जांच में सामने आई यह बात
प्रारंभिक जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले किशोर ने अपनी मां से कुछ पैसे मांगे थे। परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था, जिसके कारण मां उसकी मांग पूरी नहीं कर सकीं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।
पोस्टमार्टम के बाद शुरू हुई कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई है। मामले में कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- नहीं बख्शा माता का दरबार! चिंतपूर्णी मंदिर के सुगम पास में बड़ा घोटाला- जांच शुरू
पुलिस ने परिवारों से की अहम अपील
SP कुल्लू मदन लाल कौशल ने लोगों से अपील की है कि परिवार अपने बच्चों और किशोरों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे के व्यवहार में अचानक बदलाव दिखाई दे या वह मानसिक तनाव में नजर आए तो उसे नजरअंदाज न करें। समय पर बातचीत, सहयोग और भावनात्मक सहारा कई दुखद घटनाओं को होने से रोक सकता है।
