कांगड़ा। घर से अस्पताल जाने की बात कहकर निकली एक 21 वर्षीय युवती का अचानक लापता हो जाना हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में चिंता का विषय बन गया है। परिवार ने पहले अपने स्तर पर हर संभव जगह उसकी तलाश की, लेकिन जब घंटों बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
21 वर्षीय युवती लापता
इतना ही नहीं युवती का मोबाइल फोन भी बंद मिला, तब मामला पुलिस तक पहुंचा। परिजनों ने एक युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह जताया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मौसम का कहर जारी- स्कूल बंद रखने की निर्देश, आज कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मामला कांगड़ा जिले के धर्मशाला थाना क्षेत्र का है। लापता युवती बीए अंतिम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुकी है और इन दिनों अपने घर पर ही रह रही थी। युवती की मां ने महिला थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई है।
अस्पताल जाने की बात कहकर निकली थी घर से
शिकायत के अनुसार, 20 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे युवती ने अपनी मां को बताया कि वह अपनी एक सहेली के साथ धर्मशाला अस्पताल जा रही है। इसके बाद वह घर से निकल गई। परिवार को उम्मीद थी कि वह कुछ ही समय में वापस लौट आएगी, लेकिन शाम करीब पांच बजे तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।
यह भी पढ़ें- मंत्री विक्रमादित्य को नाराज करना पड़ा भारी, सरकार ने भी लिया एक्शन- 3 अधिकारियों पर गिरी गाज
परिजनों ने तुरंत उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की गई, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चल सका।
युवक पर लगाया बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
युवती की मां ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बेटी की अब्दुल्लापुर जमानाबाद निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत होती थी। परिवार को आशंका है कि वही युवक शादी के उद्देश्य से उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसी संदेह के आधार पर परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : दोस्तों के साथ शॉपिंग करने गए युवक की मौ.त, चंडीगढ़ के होटल में पड़ा मिला
BNS की धारा 87 के तहत मामला दर्ज
शिकायत मिलने के बाद महिला थाना धर्मशाला पुलिस ने BNS की धारा 87 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस युवती की तलाश में संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है ताकि युवती का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
ASP ने कही यह बात
मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
