सुंदरनगर (मंडी)। अगर आप भी इंटरनेट पर पुराने सिक्के बेचकर रातोंरात करोड़पति बनने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को उसके पास मौजूद पुराने सिक्कों के बदले करीब 2.55 करोड़ रुपए देने का झांसा दिया। करोड़ों रुपए मिलने की उम्मीद में व्यक्ति ठगों के झांसे में ऐसा फंसा कि उसे करोड़ों तो नहीं मिले, बल्कि शातिरों ने अलग-अलग बहानों से उससे 7.79 लाख रुपए ऐंठ लिए।

इंटरनेट पर वीडियो देख शुरू हुई ठगी की कहानी

जानकारी के अनुसार सुंदरनगर क्षेत्र के बारल गांव निवासी प्रकाश चंद ने 14 जुलाई को इंटरनेट पर पुराने सिक्कों की खरीद-फरोख्त से जुड़ा एक वीडियो देखा। वीडियो में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद सामने वाले व्यक्ति ने खुद को पुराने सिक्कों का खरीदार बताया और व्हाट्सएप पर सिक्कों की तस्वीरें तथा आधार कार्ड की प्रति मंगवाई।

कुछ समय बाद ठगों ने दावा किया कि प्रकाश चंद के पास मौजूद सिक्कों की कीमत 2 करोड़ 55 लाख 80 हजार 900 रुपए है और यह पूरी राशि जल्द ही उनके बैंक खाते में भेज दी जाएगी। करोड़ों रुपए मिलने की उम्मीद में शिकायतकर्ता उनकी बातों पर भरोसा कर बैठा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दो महिलाओं के सिर पर शख्स ने बरसाए जूते, चोरी का था शक; VIDEO वायरल; FIR दर्ज

फीस और टैक्स के नाम पर लगाते गए चूना

इसके बाद साइबर ठगों ने फाइल चार्ज, टैक्स, ईमेल वेरिफिकेशन, प्रोसेसिंग फीस, डिलीवरी चार्ज और अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर एक के बाद एक रकम जमा करवानी शुरू कर दी। शिकायतकर्ता ने अपने रिश्तेदारों और हैदराबाद में रहने वाले एक मित्र की मदद से अलग-अलग किस्तों में करीब 7.79 लाख रुपए ठगों के बताए खातों में जमा कर दिए।

17 लाख की नई मांग ने खोल दी ठगी की पोल

मामला तब सामने आया जब एक व्यक्ति ने खुद को कंपनी के एमडी का बेटा बताते हुए फोन किया और कथित भुगतान जारी करने के लिए 17 लाख रुपए और जमा कराने की मांग की। इस मांग के बाद प्रकाश चंद को शक हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार के उड़ गए परखच्चे... पर चालक को नहीं लगी कोई गहरी चोट

पुलिस ने शुरू की जांच

शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मंडी की जीरो एफआईआर को सुंदरनगर पुलिस थाना भेजा गया, जहां मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क और ठगी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। मामले की पुष्टि डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने भी की है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रैकिंग के लिए निकले 10 लोग, नाला पार करते समय बहा टीम लीडर; अगले दिन मिली देह

लालच से बचें, पहले करें जांच

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इंटरनेट पर पुराने सिक्के, नोट या अन्य वस्तुओं के बदले करोड़ों रुपए देने का दावा करने वाले विज्ञापनों और वीडियो पर बिना जांच-पड़ताल भरोसा न करें। किसी भी ऑनलाइन लेन-देन से पहले संबंधित व्यक्ति या कंपनी की सत्यता अवश्य जांचें और किसी भी प्रकार की फीस या चार्ज के नाम पर अनजान खातों में पैसे जमा करने से बचें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें