#अपराध

July 26, 2026

हिमाचल: दो महिलाओं के सिर पर शख्स ने बरसाए जूते, चोरी का था शक; VIDEO वायरल; FIR दर्ज

पुलिस जांच रही वीडियो की सत्यता, शख्स की भी तलाश में जुटी

शेयर करें:

nurpur crime News

नूरपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां चोरी के शक में दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने दोनों महिलाओं की जूतों और डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा हैए जिसमें एक व्यक्ति महिलाओं के सिर पर जूते से वार करता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह.तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं वहीं पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मेले के दौरान हुई घटना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मामला नूरपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध नागनी माता मंदिर परिसर में आयोजित साप्ताहिक मेले के दौरान का बताया जा रहा है। इसी दौरान दो महिलाओं पर चोरी का शक जताया गया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार के उड़ गए परखच्चे... पर चालक को नहीं लगी कोई गहरी चोट

 

वीडियो ने मचाई सनसनी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक व्यक्ति दोनों महिलाओं के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में महिलाओं के सिर पर जूते से वार किए जाने और डंडे से पिटाई किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रही परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना का संज्ञान लेते हुए नूरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल वायरल वीडियो की प्रामाणिकता, घटना के समय, स्थान और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रैकिंग के लिए निकले 10 लोग, नाला पार करते समय बहा टीम लीडर; अगले दिन मिली देह

कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

नूरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। यदि किसी पर चोरी या किसी अन्य अपराध का संदेह हो तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : हाद*से ने रुलाया हिमाचल: मां के सीने से लिपटी मिली 6 माह की मासूम, एक साथ हुआ अंतिम संस्कार

भ्रामक जानकारी साझा न करने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। यदि किसी के पास इस मामले से संबंधित कोई प्रमाण या महत्वपूर्ण जानकारी है तो वह तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क कर पुलिस की जांच में सहयोग करे। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख