कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना पेश आई है। यहां शामशी क्षेत्र में रहने वाले 15 वर्षीय साल के लड़के ने आत्महत्या कर ली है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

इंस्टाग्राम फ्रेंड के लगाई फांसी

लड़के की मौत की यह घटना न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि आज के डिजिटल दौर में बच्चों की मानसिक स्थिति और ऑनलाइन दुनिया के प्रभाव पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। जांच में पाया गया है कि लड़के ने इंस्टाग्राम पर बनी दोस्त के लिए फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त की है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ग्राहक का इंतजार कर रहे थे चरस तस्कर, किसी ने पुलिस को घुमा दिया फोन- पहुंचे जेल

कुछ दिन से परेशान था लड़का

जानकारी के अनुसार, नाबालिग पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी एक विदेशी लड़की से दोस्ती हुई थी, जिससे बातचीत बंद होने के बाद वह अंदर ही अंदर टूटने लगा। परिजनों और आसपास के लोगों को इस बात का अंदाजा तक नहीं था कि यह तनाव इतना गहरा रूप ले लेगा।

बहन के साथ रहता था लड़का

भुंतर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस को सूचना मिली कि शमशी में एक किराए के कमरे में नाबालिग ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कमरे को सील कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने लड़के के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: अटल टनल के पास चार गाड़ियों पर आ गिरे तीन एवलांच, अंदर बैठे थे कई लोग

घर पर नहीं थे माता-पिता

मृतक अपनी बड़ी बहन के साथ यहां रह रहा था। उसके माता-पिता उस समय निजी कार्य से पश्चिम बंगाल गए हुए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है।

मफलर का बनाया फंदा

मृतक की पहचान कौशिक राय (15 वर्ष) पुत्र रतन कुमार, निवासी दक्षिण झलारा बंदानी, जिला जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। कौशिक ने कमरे में मफलर से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

 

यह भी पढ़ें : HRTC बस हा*दसा: अब तक चार लोगों की मौ*त, CM के घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश

ऑनलाइन गेमिंग से बनी इंस्टा फ्रेंड

मृतक की बहन के अनुसार, कौशिक ऑनलाइन गेम खेलने का शौकीन था। इसी दौरान उसकी दोस्ती इंडोनेशिया की एक लड़की से हुई थी, जिससे वह इंस्टाग्राम पर नियमित बातचीत करता था। दोनों ऑनलाइन गेम भी साथ खेलते थे।

लड़की से नहीं हो पा रही थी बात

पिछले कुछ दिनों से जब उस लड़की से कोई संपर्क नहीं हो पाया, तो कौशिक चुप-चुप रहने लगा और मानसिक रूप से परेशान दिखने लगा। परिवार को यह अंदेशा नहीं था कि यह भावनात्मक जुड़ाव इतना गहरा हो चुका है कि संपर्क टूटने पर वह खुद को संभाल नहीं पाएगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : भक्ति में लीन युवक को लगा करंट का झटका, नहीं बच पाया बेचारा- 20 साल थी उम्र

पुलिस ने जुटाए साक्ष्य

कुल्लू पुलिस ने कमरे से मोबाइल फोन सहित कई अहम साक्ष्य जब्त किए हैं। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नाबालिग किस मानसिक स्थिति से गुजर रहा था और किन कारणों ने उसे यह कदम उठाने पर मजबूर किया।

अभिभावकों से अहम अपील

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए SP कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि आज के समय में बच्चे और किशोर ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी समय बिता रहे हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उनसे नियमित संवाद बनाए रखें।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पकड़ा चीनी पुलिसवाला : 5 महीने से बिना विजा रह रहा, नेपाल के रास्ते घुसा

बच्चों पर नजर रखना जरूरी

उन्होंने कहा कि बच्चों से यह पूछना जरूरी है कि वे किससे बात कर रहे हैं, क्या उन्हें किसी बात को लेकर तनाव तो नहीं है। समय रहते बातचीत और समझाइश कई बार बड़ी अनहोनी को टाल सकती है।

एक चेतावनी भरी सीख

यह घटना समाज और खासतौर पर अभिभावकों के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि भावनात्मक रूप से नाबालिग बच्चे डिजिटल रिश्तों को बहुत गहराई से ले लेते हैं। ऐसे में संवाद की कमी और मानसिक दबाव घातक साबित हो सकता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में ‘जीना नहीं चाहता’ लिख डॉक्टर हुआ लापता : रातभर चला सर्च ऑपरेशन, सुबह मिली...

अगर आप या आपके आसपास कोई मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो मदद लेना कमजोरी नहीं है। भारत में मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9152987821 (किरण) या 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें