सोलन। हिमाचल प्रदेश में अब सड़क हादसे आम बात हो गई है। इन हादसों में कई बार ऐसे जख्म मिलते हैं, जिन्हें परिवार कभी नहीं भुला पाता है। कई बार यही हादसे खुशियों में भंग डाल देते हैं। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल के सोलन जिला में हुआ। इस हादसे ने शादी की खुशियों के बीच ऐसा सन्नाटा पसार दिया, जिसके चलते माहौल तनावपूर्ण और खौफनाक हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार सोलन के चंबाघाट फ्लाईओवर पर शुक्रवार को शादी की खुशियां उस समय मातम में बदलती नजर आईं, जब बारात लेकर जा रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बीच सड़क पलट गई। इस हादसे ने शादी के माहौल को एक झटके में तनावपूर्ण और खौफनाक बना दिया। हालांकि, ईश्वर की कृपा से इस दुर्घटना में कोई भी बाराती गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा अनर्थ होने से टल गया।
खुशियों का सफर बना खौफ का मंजर
बता दें कि यह बारात परमाणु से सालोगड़ा की ओर जा रही थी। चंबाघाट फ्लाईओवर पर वाहन का काफिला जैसे ही आगे बढ़ा, अचानक बारात में शामिल एक स्कॉर्पियो का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटकर सड़क पर आ गिरी। गाड़ी के पलटने की आवाज और चीख-पुकार से वहां मौजूद अन्य लोगों के होश उड़ गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट में सुक्खू सरकार की फजीहत, कड़ी फटकार के साथ दूसरी बार लगाया भारी जुर्माना
बाल-बाल बचे बाराती
गाड़ी की हालत देखकर ऐसा लग रहा था जैसे अंदर बैठे लोगों का बचना मुश्किल है, लेकिन यह किसी चमत्कार से कम नहीं कि वाहन में सवार सभी बाराती सुरक्षित बाहर निकल आए। सभी को मामूली खरोंचें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। जैसे ही सभी बारातियों के सकुशल होने की खबर मिली, परिजनों ने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़ें ; हिमाचल: पहाड़ से गिरा मलबा, चपेट में आया 25 वर्षीय मशीन ऑपरेटर- बुझ गया परिवार का चिराग
फ्लाईओवर पर लगा लंबा जाम
इस दुर्घटना के कारण चंबाघाट फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। सड़क के बीचों-बीच पलटी गाड़ी के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही सोलन पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर किनारे किया। कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया जा सका।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में हीटवेव की दस्तक, सामान्य से ऊपर चढ़ा पारा- ऊंचाई वाले इलाके भी हुए गर्म
तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी
हालांकि वाहन पलटने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि वाहन चालक संभवतः मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
