ऊना। हिमाचल प्रदेश ने महज दो दिनों के भीतर अपने दो वीर जवानों को खो दिया है। कांगड़ा के बैजनाथ के शहीद अक्षित की पार्थिव देह अभी उनके घर तक पहुंची भी नहीं थी कि इसी बीच ऊना जिले से एक और दुखद खबर सामने आ गई।

दो दिन में दो जवान शहीद

अरुणाचल प्रदेश में हुए एक सड़क हादसे में जिला ऊना के जेजों मोड़ निवासी भारतीय सेना के नायब सूबेदार कुलवंत सिंह शहीद हो गए। इस घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : कुछ ही देर में घर पहुंचेगी शहीद की पार्थिव देह, मां का रो-रोकर बुरा हाल- पिता खामोश

गहरी खाई में गिरी गाड़ी

जानकारी के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरि जिले में सात मार्च को भारतीय सेना का एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। बताया जा रहा है कि वाहन में सेना के जवान सवार थे और यह दुर्घटना दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में हुई।

ऊना के गांव का बेटा शहीद

हादसा इतना भयावह था कि इसमें जिला ऊना के गांव जेजों मोड़ निवासी नायब सूबेदार कुलवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में LPG संकट: कई जिलों में सिर्फ 2 दिन का स्टॉक बचा, रिफिलिंग पर भी लगी रोक

नायब सूबेदार थे कुलवंत

नायब सूबेदार कुलवंत सिंह भारतीय सेना में लंबे समय से सेवाएं दे रहे थे और अपनी बहादुरी व कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। उनके शहीद होने की सूचना जैसे ही गांव जेजों मोड़ पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों और रिश्तेदारों का तांता उनके घर पहुंचने लगा और हर किसी की आंखें नम हो गईं।

आज घर पहुंचेगी पार्थिव देह

मंगलवार को शहीद कुलवंत सिंह की पार्थिव देह हवाई मार्ग से अरुणाचल प्रदेश से चंडीगढ़ लाई गई। यहां सेना के अधिकारियों और जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव जेजों मोड़, जिला ऊना लाया जाएगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की बंद RDG केंद्र से बहाल करवाएंगे नए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, सुक्खू सरकार में जगी उम्मीद

सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

गांव जेजों मोड़ में शहीद नायब सूबेदार कुलवंत सिंह को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। इस दौरान सेना के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा और क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में अपने वीर सपूत को अंतिम सलामी देने पहुंचेंगे। वहीं, शहीद अक्षित को भी आज अंतिम विदाई दी जाएगी।

वीरों की भूमि है हिमाचल

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश वीर सैनिकों की भूमि के रूप में जाना जाता है और यहां का लगभग हर परिवार किसी न किसी रूप में सेना से जुड़ा रहा है। ऐसे में प्रदेश के एक और जवान की शहादत ने पूरे हिमाचल को गमगीन कर दिया है। लोग अपने वीर सपूत के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें