#अव्यवस्था
March 11, 2026
हिमाचल में LPG संकट: कई जिलों में सिर्फ 2 दिन का स्टॉक बचा, रिफिलिंग पर भी लगी रोक
गैस प्लांटों में रिफिलिंग बंद, हिमाचल में कमर्शियल सिलेंडर की कमी
शेयर करें:

शिमला। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की गूंज अब हिमाचल प्रदेश तक सुनाई देने लगी है। इजराइल-ईरान के बीच जारी युद्ध का असर प्रदेश की सप्लाई चेन पर दिखना शुरू हो गया है। राज्य के कई जिलों में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी सामने आई है। गैस वितरकों के पास होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को देने के लिए महज दो दिन की ही सप्लाई बची बताई जा रही है। यदि नई आपूर्ति जल्द नहीं पहुंची तो आने वाले दिनों में प्रदेश के पर्यटन और उद्योग क्षेत्र पर इसका असर पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार ऊना और बद्दी स्थित गैस कंपनियों के बॉटलिंग प्लांट में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की रिफिलिंग फिलहाल बंद हो गई है। नई सप्लाई नहीं पहुंचने के कारण प्लांटों में व्यावसायिक सिलेंडर भरने का काम ठप पड़ा है। ऐसे में गैस एजेंसियों के पास जो पुराना स्टॉक मौजूद है, वही फिलहाल बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। स्टॉक खत्म होने के बाद स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों मनाली, डलहौजी, धर्मशाला, शिमला और कसौली में बड़ी संख्या में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबे संचालित होते हैं। इन जगहों पर कमर्शियल गैस सिलेंडरों की मांग सामान्य से अधिक रहती है। यदि खाड़ी देशों में तनाव लंबे समय तक बना रहता है तो पर्यटन कारोबार पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। कई जगहों पर गैस एजेंसियों ने फिलहाल कमर्शियल सिलेंडरों की नई बुकिंग भी रोक दी है।
एलपीजी सिलेंडर की कमी का असर प्रदेश के उद्योगों पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। हिमाचल के कई फार्मा और गत्ता उद्योगों में रोजमर्रा के कामकाज के लिए गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जाता है। खासकर कुछ गत्ता उद्योग अब भी बड़े पैमाने पर एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर हैं। यदि आपूर्ति बाधित रही तो उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
स्थिति को देखते हुए राज्य के सिविल सप्लाई विभाग ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त नजर रखने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गैस एजेंसियों को स्टॉक और बिक्री का पूरा रिकॉर्ड रखने और मांग की जानकारी विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों को यह भी कहा है कि वे मोटर स्पिरिट, हाई स्पीड डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडारण बनाए रखें, ताकि मौजूदा परिस्थितियों में आपूर्ति बाधित न हो।
एलपीजी सेल्स के मैनेजर सौरभ ने बताया कि सोमवार से गैस प्लांटों में कमर्शियल सिलेंडरों की रिफिलिंग बंद कर दी गई है। फिलहाल प्लांटों में केवल घरेलू एलपीजी सिलेंडरों को ही भरा जा रहा है, ताकि आम उपभोक्ताओं की जरूरतें प्रभावित न हों।