कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पतलीकूहल क्षेत्र के माहिली के पास हुए इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में मातम पसर गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया। मृतक की पहचान कुल्लू जिले के वंदला गांव निवासी योग राज ठाकुर पुत्र राज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शनिवार सुबह अपनी बाइक पर सवार होकर नग्गर की ओर जा रहा था।
युवक की मौत, सदमें में परिवार
हिमाचल में तेज रफ्तार ने एक बार फिर एक घर की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार में युवक एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हो गया और अनियंत्रित बाइक सड़क से नीचे खाई में बने घर के पिल्लर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत से उसके परिजनों को गहरा सदमा लगा है। परिवार को यकीन ही नहीं हो रहा है कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं है।
यह भी पढ़ें : हाईकोर्ट की चौखट पर सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला, बिजली प्रोजेक्टों से भू-राजस्व मामले में मांगा जवाब
तीखे मोड़ पर बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 630 बजे जब योग राज माहिली के पास पहुंचा तो सड़क के एक खतरनाक मोड़ पर उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। अचानक नियंत्रण खोने के कारण बाइक सड़क से नीचे की ओर लुढ़क गई। बताया जा रहा है कि बाइक करीब 10 मीटर नीचे जा गिरी और नीचे बने एक मकान के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने का मौका ही नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : अनुराग की नई पहल लीडरशिप-फैलोशिप को मिला बंपर रिस्पॉन्स, 10 हजार युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पतलीकूहल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : माता-पिता की टूट गई उम्मीद... तालाब में मिली जवान बेटे की देह, आखिर क्या हुआ...
लोगों ने प्रशासन से की ये मांग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि माहिली के पास स्थित यह मोड़ बेहद खतरनाक है और यहां दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया, जिससे गांव में भी गहरा शोक व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होतेए तो शायद इस हादसे को टाला जा सकता था।
