कुल्लू। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियां हर साल देशभर से लाखों पर्यटकों को अपनी ओर खींचती हैं। हालांकि, कई बार लापरवाही या अचानक हुए हादसे के कारण पर्यटकों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला कुल्लू जिले से सामने आया है।

 

यहां दोस्तों के साथ घूमने आए महाराष्ट्र के एक 22 वर्षीय युवक की झरने में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक जयनाला वाटरफॉल घूमने गया था, जहां अचानक पैर फिसलने के बाद वह तेज बहाव वाले पानी में जा गिरा।

पहले झरने से दूसरे झरने की ओर जा रहा था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू के पार्वती घाटी के जरी क्षेत्र स्थित जयनाला वाटरफॉल से सामने आया है। यहां पर एक युवक अपने दोस्त श्रेयस जोशी और अन्य साथियों के साथ कसोल घूमने आया था। सभी दोस्त जयनाला वाटरफॉल देखने पहुंचे थे। इसी दौरान जब वे पहले झरने से दूसरे झरने की ओर जा रहे थे, तभी पहाड़ी चट्टान पर अजीत का अचानक पैर फिसल गया। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : AI की मदद से बनाई फर्जी दवा कंपनी, देशभर के कारोबारियों से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बच सकी जान

संतुलन बिगड़ने के बाद वह सीधे तेज बहाव वाले पानी में जा गिरा और डूब गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को बचाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद अजीत को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही जरी पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। 

यह भी पढ़ें- 14 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का फोकस- CM सुक्खू ने बनाया प्लान, BJP के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी

मृतक की पहचान 

22 वर्षीय अजीत अशोक अढाव, निवासी परभणी, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

पैर फिसलने से हुआ हादसा 

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक की मौत पहाड़ी पर पैर फिसलने के बाद झरने में गिरने और डूबने से हुई है। फिलहाल पुलिस को मामले में किसी तरह की साजिश या अन्य संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : ढाबा संचालक ने पेश की ईमानदारी की मिसाल- बस सवारी को लौटाए 7 लाख के गहने

बरसात में वाटरफॉल और नदी-नालों के पास सावधानी बरतने की अपील

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि युवक की मौत पैर फिसलने के कारण झरने में गिरने से हुई है। पुलिस ने मामले में सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में वाटरफॉल, नदी-नालों और फिसलन वाली पहाड़ी जगहों पर जाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें और जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।