कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने सभी को गमगीन कर दिया है। यहां पर एक 55 वर्षीय महिला की सांप के काटने से मौत हो गई है। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
घर के बरामदे में पहुंचते ही सांप ने डसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि सुबह के समय महिला अपने घर के बरामदे में आई थीं। इसी दौरान अचानक एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने का पता चलते ही परिवार के लोग घबरा गए और महिला को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल ज्वाली ले गए।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में 150 पदों पर निकली भर्ती : दसवीं पास को भी मिलेगी नौकरी, यहां जानें सबकुछ
गंभीर हालत में टांडा किया रेफर
सिविल अस्पताल ज्वाली में डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन महिला को लेकर टांडा अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार आएगा, लेकिन जहर का असर काफी ज्यादा हो चुका था।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
टांडा अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई शुरू की। मृतका की पहचान 55 वर्षीय पुष्पा देवी निवासी घनेई गांव, ज्वाली के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : कॉलेज गई युवती नहीं लौटी घर, तलाश में दर-दर भटक रहे परिजन- फोन भी बंद
पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई की है। वहीं, 55 वर्षीय पुष्पा देवी की अचानक हुई मौत के बाद घनेई गांव में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
