सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में देर रात एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। कंडाघाट क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें दो युवक सवार थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया।

देर रात करीब ढाई बजे गिरी कार

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना देर रात करीब ढाई बजे कंडाघाट के टैक्सी स्टैंड के पास हुई। बताया जा रहा है कि कार सड़क पर चल रही थी, तभी अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई।

 

यह भी पढ़ें : माता-पिता की टूट गई उम्मीद... तालाब में मिली जवान बेटे की देह, आखिर क्या हुआ...

 

जिस स्थान पर वाहन गिरा वहां नीचे एक नाला भी है, जिसके कारण कार नाले में जाकर फंस गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

गंभीर स्थिति देख भेजा IGMC

हादसे के बाद आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और खाई में गिरी कार से घायलों को बाहर निकालने में मदद की। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए कंडाघाट के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में शख्स की बेरहमी से ह*त्या: कु.ल्हाड़ी के वार से अलग कर दी गर्दन; आरोपी फरार

 

जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए IGMC रेफर कर दिया। घायलों की पहचान 33 वर्षीय सागर गर्ग और 35 वर्षीय अनूप कुमार के रूप में हुई है। दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस कर रही जांच-पड़ताल

घटना की सूचना मिलते ही कंडाघाट पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पोल पर चढ़े युवक को लगा करंट, सुपरवाइजर ने कहा था बंद है बिजली, परिवार ने खोया बेटा

 

प्रारंभिक तौर पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति या किसी अन्य तकनीकी कारण से हुआ। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें