बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने श्रद्धालुओं की घर वापसी की खुशियां मातम में बदल दीं। बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध मंदिर में दर्शन कर पंजाब लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस शाहतलाई के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।

दो की मौत, 13 घायल

हादसा इतना भीषण था कि बस की चपेट में आने से सड़क पर जा रहे एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक श्रद्धालु ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में 13 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल शख्स ने पैसों के लेनदेन को लेकर कमरे में बुलाई महिला, फिर जबरन किया मुंह काला

35 लोग थे सवार

जानकारी के अनुसार, बस में 35 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। सभी श्रद्धालु पंजाब के अमृतसर से बाबा बालक नाथ मंदिर में माथा टेकने आए थे। दर्शन के बाद सभी देर रात अपने घर लौट रहे थे।

बीच सड़क पलटी बस

रात करीब साढ़े दस बजे जब बस शाहतलाई क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क पर पलट गई। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार दूर तक सुनाई देने लगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रैकिंग के लिए निकले 10 लोग, नाला पार करते समय बहा टीम लीडर; अगले दिन मिली देह

एक की मौके पर ही मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय एक व्यक्ति सड़क किनारे पैदल जा रहा था। अनियंत्रित बस पलटते हुए उस राहगीर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार एक श्रद्धालु ने भी गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

बस में फंसे कई यात्री

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब यहां फटा बादल: बाढ़ में बहा अस्थायी पुल, उफनता नाला पार करने को मजबूर लोग

दो घायल PGI रेफर

प्रशासन ने सभी घायलों को पहले शाहतलाई स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध न होने के कारण उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल बड़सर भेजना पड़ा। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने घायलों का इलाज शुरू किया। नौ घायलों का उपचार बड़सर अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को PGI चंडीगढ़ और दो अन्य को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका विशेष उपचार जारी है।

परिजनों को मिली हादसे की खबर

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए गए ताकि किसी भी घायल को उपचार में देरी का सामना न करना पड़े। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: जिस ट्रैक्टर से चलता था घर का चूल्हा, उसी ने छीन ली जिंदगी! परिवार ने खो दिया कमाऊ बेटाट

कैसे पेश आया हादसा?

विदित रहे कि, हिमाचल में आए दिन कई हादसे पेश आ रहे हैं। इन हादसों का मुख्य कारण सड़कों की खस्ताहालत, फिसलन, ड्राइवर की लापरवाही माना जा रहा है। ताजा हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

हादसे के असली कारणों का पता

फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक स्तर पर पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। वाहन की तकनीकी स्थिति, चालक का नियंत्रण और सड़क की परिस्थितियों सहित सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें