शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। रामपुर उपमंडल के पंद्राबीश इलाके में एक बोलेरो कैंपर हादसे का शिकार हो गई है। इस हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई है।
पुलिस को मिली हादसे की सूचना
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को आज सुबह हादसे की सूचना मिली। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी ज्यूरी से पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से हालात का जायजा लिया और राहत व जांच की कार्रवाई शुरू की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के नए राज्यपाल आज लेंगे शपथ, तमाम नेताओं ने गर्मजोशी से किया स्वागत
देर रात गहरी खाई में गिरी बोलेरो
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दुर्घटना 9 मार्च की रात करीब 11:50 बजे के आसपास हुई थी। बताया जा रहा है कि बोलेरो कैंपर नंबर HP26A-4438 के मालिक व चालक विनोद कुमार (38) पुत्र हरि सिंह नेगी, निवासी गांव नानन, ज्यूरी देर रात यात्रियों को छोड़ने के लिए ज्यूरी से काओबिल की ओर गया था।
यात्रियों को छोड़ लौट रहा था घर
यात्रियों को सुरक्षित छोड़ने के बाद वह वापस ज्यूरी लौट रहा था। इसी दौरान नेवल के पास चंदू डांगा में अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क से फिसलकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशेड़ी था ड्राइवर, स्कूल से लौट रही दो बहनों पर चढ़ाई बस- एक की थमी सांसें
नहीं मिला संभलने का मौका
बताया जा रहा है कि खाई काफी गहरी और दुर्गम होने के कारण वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भयानक था कि चालक विनोद कुमार को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह स्थानीय लोगों ने खाई में गिरे वाहन को देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
गहरी खाई में पड़ा था शव
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और वाहन के अनियंत्रित होने के पीछे संभावित वजहों का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर...केंद्र से फरमान जारी- जानिए क्या है वजह
सदमे में पूरा परिवार
उधर, इस हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई। बताया जा रहा है कि विनोद कुमार मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे तथा क्षेत्र में टैक्सी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के नए राज्यपाल आज लेंगे शपथ, तमाम नेताओं ने गर्मजोशी से किया स्वागत
कैसे पेश आया हादसा?
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। फिलहाल, हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम द्वारा मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है।
