#उपलब्धि
March 16, 2025
हिमाचल पुलिस के एएसआई का बेटा बना फौजी, कड़ी मेहनत से हासिल किया मुकाम
105 इन्फैंट्री बटालियन राजपूताना राइफल्स में हुआ यमन का चयन
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के कई होनहार युवाओं ने अपनी कड़ी मेहनत और लग्न से ना सिर्फ अपने सपनों को साकार किया है। बल्कि एक प्रतिष्ठित पद भी प्राप्त किया है। ऐसा ही एक युवक हिमाचल के सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र का यमन सिंह भी है। इस युवक ने कड़ी मेहनत कर भारतीय सेना में भर्ती होकर अपने बचपन के सपने को साकार कर लिया है।
अर्की उपमंडल के गांव मान के रहने वाले यमन सिंह का चयन भारतीय सेना में हुआ है। उनका चयन भारतीय सेना की 105 इन्फैंट्री बटालियन राजपूताना राइफल्स में हुआ है। बेटे के भारतीय सेना में चयन होने पर ना सिर्फ उसके घर में बल्कि पूरे गांव में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों ने यमन की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक बताया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने उजाड़ा अपना सुहाग, बच्चों को कर दिया अनाथ
यमन सिंह की शिक्षा की बात करें तो उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल सोलन से पूरी की है। जबकि उच्च शिक्षा डिग्री कॉलेज सोलन से हासिल की। यमन सिंह पढ़ाई के साथ साथ खेलों में भी काफी सक्रिय रहे हैं। बास्केटबॉल में उनका प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा और उन्होंने राज्य स्तरीय तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कई मेडल जीते हैं। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि अनुशासन और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
यमन सिंह की इस उपलब्धि पर उसके माता पिता काफी खुश हैं। यमन सिंह के पिता हिमाचल प्रदेश पुलिस में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं। जबकि उनकी माता एक गृहिणी हैं। बेटे की इस सफलता से पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। यमन की माता ने बताया कि हमने हमेशा ही उसे मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आज बेटे के इस मुकाम पर पहुंचने से वह काफी खुश हैं।
उन्होंने कहा कि यमन सिंह गांव के युवाओं के लिए भी एक प्रेरणास्त्रोत बन गया है। वहीं यमन ने क्षेत्र के युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि अपने सपने को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। यमन सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता सहित अपने शिक्षकों और दोस्तों को दिया है।