#उपलब्धि

March 6, 2026

हिमाचल में बाप-बेटे की जोड़ी : दोनों ने पास की UPSC परीक्षा, सुन कर हर कोई हैरान

बेटा KBC में भी मनवा चुका है अपनी सफलता का लोहा

शेयर करें:

VIKAS PANWAR QUALIFIED UPSC EXAM HIMACHAL SHIMLA KUPVI KBC

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के दूरदराज और पिछड़े माने जाने वाले कुपवी क्षेत्र से एक प्रेरणादायक सफलता की खबर सामने आई है। कुपवी के गांव जुब्बली के 22 वर्षीय युवा विकास पंवार ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिनी जाने वाली UPSC परीक्षा पास कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

गांव के बेटे ने पास की UPSC परीक्षा

वर्ष 2025-26 की परीक्षा में विकास पंवार ने 159वीं रैंक हासिल कर अपनी कड़ी मेहनत और लगन का शानदार उदाहरण पेश किया है। उनके इस शानदार प्रदर्शन से न केवल परिवार बल्कि पूरे कुपवी क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक चिंगारी ने बेघर किए 4 परिवार, पेंटर का उजड़ा संसार- छोटे भाई की शादी का पैसा राख

माता-पिता हुए गदगद

विकास पंवार के पिता चतर पंवार और माता विनता पंवार बेटे की सफलता से बेहद खुश हैं। सीमित संसाधनों और पहाड़ी क्षेत्र की चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई और लक्ष्य के प्रति कभी समझौता नहीं किया। 

 

KBC में भी मनवा चुके हैं लोहा

विकास पंवार इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। नवंबर 2025 में वह देश के लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में हिस्सा लेकर अपनी ज्ञान क्षमता और आत्मविश्वास से लोगों का ध्यान खींच चुके हैं। उस मंच पर भी उन्होंने अपने ज्ञान का परिचय दिया और अब UPSC जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा को एक नई पहचान दी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : लड़की के संपर्क में था ITBP जवान, दस दिन से लापता- परिवार ने जताया शक

पिता का रहा बड़ा योगदान

विकास की इस उपलब्धि के पीछे उनके पिता का भी बड़ा योगदान माना जा रहा है। उनके पिता चतर पंवार स्वयं भी बेहद प्रतिभाशाली रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में UPSC परीक्षा पास की थी। इसके अलावा उन्होंने पहले भी पंचायत सचिव, TGT आर्ट्स और आयकर निरीक्षक जैसी परीक्षाएं पास कर इन पदों पर सेवाएं दी हैं। परिवार में शिक्षा और मेहनत का यही माहौल विकास के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।

 

UPSC पास करना बचपन का सपना

विकास पंवार ने बताया कि UPSC पास करना उनका बचपन का सपना था। उन्होंने कहा कि अपने पिता की मेहनत और संघर्ष को देखकर ही उनके मन में सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य बना। उन्होंने लगातार मेहनत की और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी लगन से तैयारी की। विकास का कहना है कि वह अब प्रशासनिक सेवा में जाकर अपने क्षेत्र के साथ-साथ देश के उन लोगों की सेवा करना चाहते हैं- जो विकास की मुख्यधारा से अभी भी दूर हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में दसवीं फेल के लिए भी नौकरी : 24 हजार तक मिलेगी सैलरी, जल्द करें आवेदन

साल 2022 में पिता ने क्रैक किया UPSC

गौरतलब है कि कुपवी क्षेत्र से पहले उनके पिता UPSC पास कर चुके हैं और अब विकास पंवार इस परीक्षा को पास करने वाले दूसरे व्यक्ति बन गए हैं। ऐसे पिछड़े और दूरस्थ इलाके से लगातार दो पीढ़ियों का इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफल होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।

पूरे परिवार में खुशी का माहौल

विकास की इस सफलता के बाद कुपवी क्षेत्र व उनके पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों, युवाओं और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाइयां दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विकास की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें भी बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत करने की हिम्मत देगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख