#उपलब्धि
August 11, 2025
हिमाचल में पहली रोबोटिक सर्जरी: आज CM सुक्खू करेंगे उद्घाटन, 4 मरीजों के होंगे ऑपरेशन
चमियाणा बना हिमाचल का पहला रोबोटिक सर्जरी सेंटर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान, चमियाणा में आज रोबोटिक सर्जरी शुरू करने जा रहा है। CM सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को इस अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन करेंगे। यह प्रदेश का पहला संस्थान होगा जहां इस तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
उद्घाटन के दिन महेंद्र पाल की प्रोस्टेट सर्जरी की जाएगी। रोबोटिक तकनीक से यह ऑपरेशन 3 से 4 घंटे में पूरा होगा। विशेषज्ञों के अनुसार, यह सर्जरी पारंपरिक तरीकों की तुलना में अधिक सटीक होती है, जिसमें संक्रमण का खतरा कम और मरीज की रिकवरी तेजी से होती है।
इससे पहले सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू रोबोटिक सर्जरी यूनिट का उद्घाटन करेंगे। अस्पताल में इस परियोजना के तहत 42 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें यूरोलॉजी, रीनल ट्रांसप्लांट, कार्डियक एनेस्थीसिया, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल, प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियोथोरेसिक और वैस्कुलर सर्जरी (CTVS), कार्डियोलॉजी, पीडियाट्रिक सर्जरी और न्यूरोसर्जरी के लिए उपकरण शामिल हैं। इससे मरीजों की सर्जरी के लिए प्रतीक्षा अवधि घटेगी और प्रक्रियाएं अधिक सुव्यवस्थित होंगी।
रोबोटिक सर्जरी में सर्जन एक रोबोटिक डिवाइस का उपयोग करता है, जिसमें एक मैकेनिकल हाथ छोटे-छोटे सर्जिकल उपकरण पकड़ता है। सर्जन कंट्रोलर और व्यूइंग स्क्रीन के माध्यम से इस हाथ को नियंत्रित करता है। इस तकनीक का लाभ यह है कि यह सर्जरी कम समय में और अधिक सटीकता के साथ पूरी होती है।
बता दें कि प्रोस्टेट, जिस पर उद्घाटन के दिन सर्जरी होगी, पुरुषों की एक छोटी ग्रंथि है, जो मूत्राशय के नीचे और मलाशय के सामने स्थित होती है। यह वीर्य के लिए तरल पदार्थ बनाती है और मूत्र मार्ग को घेरे रहती है। आज चार सर्जरी करवाई जाएगी।