#उपलब्धि
November 2, 2025
KBC के मंच पर 1 करोड़ के प्रश्न तक पहुंचा हिमाचल का बेटा- संघर्ष सुन अमिताभ बच्चन भी हुए भावुक
साधारण परिवेश में पले-बढ़े विकास- KBC के मंच पर छाया
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले का एक बेटा आज पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा और गर्व का प्रतीक बन गए हैं। तहसील कुपवी की ग्राम पंचायत जुब्बली के रहने वाले विकास पंवार ने मेहनत, लगन और संघर्ष से भरे अपने जीवन सफर में उन्होंने वह मुकाम हासिल कर लिया है, जिसकी कल्पना बहुत से लोग करते हैं।
विकास पंवार देश के सबसे लोकप्रिय क्विज़ शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में महानायक अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगे। विकास पंवार शो में एक करोड़ रुपये के प्रश्न तक पहुंच चुके हैं। विकास मंगलवार के अंतिम और बुधवार के पूरे एपिसोड में अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर नजर आएंगे। शो में उनका आत्मविश्वास, संयम और ज्ञान का प्रदर्शन दर्शकों को प्रभावित करेगा।
यह जानने के लिए कि क्या वे करोड़पति बनेंगे, दर्शकों को अगले सप्ताह प्रसारित होने वाले एपिसोड का इंतजार रहेगा। विकास की सफलता न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि संपूर्ण चौपाल क्षेत्र और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
विकास पंवार एक मध्यमवर्गीय परिवार से हैं। उनके पिता चतर सिंह पंवार और माता बिनता पंवार ने उन्हें सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा के महत्व को समझाया और हर कदम पर प्रेरित किया। विकास के पिता दिल्ली के सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं।
चौपाल विधानसभा क्षेत्र के चेहता (कुपवी) से संबंध रखने वाले विकास ने बचपन से ही संघर्षों का सामना किया। साधारण परिवेश में पले-बढ़े विकास ने कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर शिक्षा में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विकास पंवार का KBC तक पहुंचना हिमाचल के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने दिखाया कि यदि मन में लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर जारी रखी जाए, तो किसी भी मंच तक पहुंचा जा सकता है।
उनकी यह उपलब्धि केवल जुब्बली या चौपाल क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश की उपलब्धि है। एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाले विकास पंवार उन सभी युवाओं के लिए संदेश हैं जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।