#उपलब्धि
March 10, 2026
हिमाचल : परिवार की तीसरी पीढ़ी करेगी देश सेवा- दादा और पिता कर्नल, बेटा बना लेफ्टिनेंट
बचपन से ही सेना में जाने का सपना देखा करते थे कर्णवीर
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल में होनहारों की कमी नहीं है। हिमाचल प्रदेश के कई युवा अपनी मेहनत, लगन और जुनून के दम पर भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना पूरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में जिला बिलासपुर के खंगड़ गांव के कर्णवीर सिंह ठाकुर ने भी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
पंचायत निचली भटेड़ के खंगड़ निवासी कर्णवीर सिंह ठाकुर ने 7 मार्च, 2026 को चेन्नई स्थित OTA ट्रेनिंग अकादमी से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्राप्त किया। अब वे असम रेजिमेंट में अपनी सेवाएं देंगे।
कर्णवीर सिंह ठाकुर अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं- जो देश सेवा करेगी। कर्णवीर के पिता विक्रम सिंह ठाकुर भारतीय सेना में कर्नल हैं। उनके दादा रामधन वर्मा भी भरातीय सेना में कर्नल रह चुके हैं। उनके चाचा ग्रुप कैप्टन अजय सिंह ठाकुर भारतीय वायुसेना में उच्च पद पर कार्यरत हैं।

परिवार के वरिष्ठ सदस्य कर्नल रामधन वर्मा बताते हैं कि कर्णवीर बचपन से ही सेना में जाने का सपना देखा करते थे। घर में सैन्य पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें हमेशा देश सेवा के लिए प्रेरणा मिलती रही। उन्होंने अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन और शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
कर्णवीर के लेफ्टिनेंट बनने की खबर जैसे ही गांव और आसपास के क्षेत्र में पहुंची, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, रिश्तेदारों और मित्रों ने परिवार को बधाई दी और कर्णवीर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी कर्णवीर सिंह ठाकुर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। उनका कहना है कि कर्णवीर की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी देश सेवा के लिए आगे बढ़ेंगे।