#उपलब्धि

January 26, 2026

हिमाचल के लाल ने कारगिल में दिखाया था अदम्य साहस, परमवीर चक्र के बाद अब मिला ये सम्मान

दुश्मन के कब्जे वाली चोटियों पर की थी चढ़ाई

शेयर करें:

Honorary Captain

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के इतिहास में आज गणतंत्र दिवस के मौके पर एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। कारगिल युद्ध में अद्वितीय शौर्य का परिचय देने वाले परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर संजय कुमार को भारतीय सेना ने एक और बड़ा सम्मान दिया है। गणतंत्र दिवस से पहले नई दिल्ली के विजय चौक में आयोजित विशेष समारोह में उन्हें पदोन्नत कर ऑनरेरी कैप्टन का रैंक प्रदान किया गया।

सैन्य परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ समारोह

गणतंत्र दिवस परेड से पूर्व आयोजित इस गरिमामय अवसर पर सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में संजय कुमार को यह सम्मान सौंपा गया। यह पदोन्नति उनके साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति निष्ठा का प्रतीक मानी जा रही है। जब पूरा देश गणतंत्र दिवस की तैयारियों में जुटा था, तब यह समारोह देश की राजधानी में सैन्य परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ।

यह भी पढ़ें : देश की खातिर सीमा पर भिड़ा जवान, खतरनाक आ.तंकी को किया ढेर- अब मिला शौर्य चक्र

दुश्मन के कब्जे वाली चोटियों पर की थी चढ़ाई

गौरतलब है कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान संजय कुमार ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में दुश्मन के कब्जे वाली चोटियों पर चढ़ाई की थी। दुश्मन की भीषण गोलीबारी के बीच गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने कई पाकिस्तानी बंकरों को नष्ट किया और अपने साथियों के लिए रास्ता सुरक्षित किया। उनकी इसी असाधारण वीरता के लिए उन्हें देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

यह भी पढ़ें : परिवार की पहली सरकारी अफसर बनीं साक्षी, किसान पिता की बेटी ने झटका 19वां रैंक

प्रदेश के लिए सम्मान की बात

ऑनरेरी कैप्टन बनने की खबर जैसे ही बिलासपुर पहुंची, पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों, पूर्व सैनिकों और युवाओं ने इसे न केवल संजय कुमार बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए सम्मान की बात बताया। उनकी पत्नी प्रोमिला देवी ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह परिवार के लिए बेहद गर्व का क्षण है और माता-पिता भी यह खबर सुनकर भावुक हो गए।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख