#उपलब्धि
December 10, 2025
मर्चेंट नेवी में सिलेक्ट हुईं हिमाचल की प्राची, ग्रामीण युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
बेहद चुनौतीपूर्ण थी चयन प्रक्रिया
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल की बेटियां समय-समय पर प्रदेश को ये मौका देती हैं कि वो उन पर गर्व कर सके। इसी सूची में ऊना जिले की रहने वाली प्राची ठाकुर का नाम भी जुड़ गया है। प्राची ने अपनी सफलता के साथ ना सिर्फ ऊना बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
अम्ब के वार्ड नंबर-2 की निवासी प्राची ने प्रतिष्ठित 'जनरल पर्पज (जीपी) रेटिंग कोर्स' के लिए चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। प्राची का कहना है कि ये चयन प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण थी लेकिन सही दिशा में प्रयास, मजबूत मानसिक संबल और उचित मार्गदर्शन ने उन्हें हर मुश्किल कदम पर सफलता के लिए प्रेरित किया।
मर्चेंट नेवी में करियर बनाना ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। प्राची ठाकुर 6 महीने की सघन ट्रेनिंग के बाद समुद्री जहाजों पर अपनी सेवाएं देंगी जिससे वे देश की समुद्री शक्ति का अभिन्न अंग बनेंगी। अपनी इस महत्वपूर्ण ट्रेनिंग के लिए प्राची ठाकुर गत दिवस मुंबई के लिए रवाना हो गईं हैं।
प्राची की इस शानदार सफलता के पीछे प्रसिद्ध मर्चेंट नेवी अधिकारी और समाजसेवी कैप्टन संजय पराशर की दूरदृष्टि और निरंतर प्रेरणा की अहम भूमिका रही है। कैप्टन पराशर पिछले कई वर्षों से ग्रामीण युवाओं, खासकर बेटियों को समुद्री सेवाओं (मर्चेंट नेवी) में करियर के अवसर दिलाने के लिए सक्रिय रूप से मार्गदर्शन कर रहे हैं। उनके अथक प्रयासों ने प्राची जैसी कई युवा प्रतिभाओं को नए और बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का हौसला दिया है।
ऊना की बेटी प्राची ठाकुर का मर्चेंट नेवी में चयन हिमाचल की बेटियों के अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उनकी ये सफलता ना केवल ग्रामीण क्षेत्र की अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणा स्रोत है बल्कि ये भी दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और मजबूत इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। प्राची ठाकुर अब समुद्री जहाजों पर देश की सेवा कर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं, जो पूरे हिमाचल के लिए गर्व का विषय है।