#उपलब्धि
January 3, 2026
हिमाचल : गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ें अजय गोवा में बने IG, फॉरेस्ट विभाग में भी दे चुके हैं सेवाएं
पत्नी वर्षा शर्मा भी गोवा में डीआईजी
शेयर करें:

हमीरपुर। कहते हैं कि, सपनों की ऊंचाई संसाधनों की मोहताज नहीं होती। आज इस बात को सच साबित कर दिखाया है हिमाचल प्रदेश के गांव के सरकारी स्कूल में पढ़े अजय कृष्ण शर्मा ने। हमीरपुर जिले के धनेटा क्षेत्र से निकलकर गोवा में पुलिस महानिरीक्षक (IG) बनना उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने पुलिस सेवा से पहले वन विभाग में रेंजर के रूप में भी काम किया।
ग्राम पंचायत ग्वालपत्थर के गांव लंजर से ताल्लुक रखने वाले अजय कृष्ण शर्मा का जन्म एक सामान्य परिवार में हुआ। उनके पिता किरू राम शर्मा निजी कार्य करते थे, जबकि माता देवकी शर्मा गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी, जिसका असर अजय के उज्ज्वल करियर में साफ दिखाई देता है।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य की नई पहल : CGMG टेक्नोलॉजी से बनेंगी सड़कें, भारी बरसात भी नहीं तोड़ पाएगी
अजय कृष्ण शर्मा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनेटा से की। वर्ष 1984 में मैट्रिक परीक्षा पास करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए वे कांगड़ा गए। उन्होंने 1988 में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर से बीएससी की डिग्री प्राप्त की और इसके बाद 1990 में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से रसायन शास्त्र में एमएससी की पढ़ाई पूरी की।
करियर की शुरुआत उन्होंने वन विभाग से की, जहां 1990 से 1995 तक वे रेंजर के रूप में कार्यरत रहे। हालांकि, पुलिस सेवा में जाने की प्रबल इच्छा ने उन्हें 1995 में हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा की परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया, जिसमें उन्होंने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की। इसके बाद उन्होंने मंडी और बिलासपुर जिलों में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
यह भी पढ़ें : महिलाओं के लिए खुशखबरी: सुक्खू सरकार खाते में डालेगी 1500-1500 रुपए, 8 लाख ने किया है आवेदन
उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें भारत सरकार के इंटेलिजेंस ब्यूरो में प्रतिनियुक्ति मिली, जहां 1999 से 2009 तक उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। इसके बाद दिल्ली पुलिस और अंडमान-निकोबार जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी वे डीआईजी पद पर तैनात रहे।
वर्तमान में अजय कृष्ण शर्मा गोवा में पुलिस महानिरीक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। खास बात यह भी है कि उनकी पत्नी वर्षा शर्मा भी गोवा में डीआईजी के पद पर कार्यरत हैं। अजय कृष्ण शर्मा की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे हमीरपुर जिले और हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की बात है।