#उपलब्धि
May 17, 2025
10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में दीक्षा ने हासिल किया था दूसरा स्थान

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश हमीरपुर जिले की प्रतिभाशाली छात्रा दीक्षा कठियाल ने प्रदेश शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में 500 में से 478 अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया है। दीक्षा सुजानपुर के सीनियर सेकेंडरी स्कूल चबूतरा की कला संकाय की छात्रा हैं।
बता दें कि यह उनकी दूसरी बड़ी सफलता है, क्योंकि 2023 में उन्होंने 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया था। दीक्षा का परिवार शिक्षा के क्षेत्र में काफी सफल माना जाता है।
उनकी बहन ने भी इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया है। दोनों बहनों की मेहनत और लगन ने उनके परिवार का नाम रोशन किया है। उनके पिता रमेश चंद अपनी बेटियों की इस सफलता पर गर्व महसूस करते हैं।
दीक्षा ने सफलता का श्रेय समय प्रबंधन और मेहनत को दिया। उनका मानना है कि सही समय पर पढ़ाई करने से कोई भी छात्र सफल हो सकता है। दीक्षा का सपना आईएएस अधिकारी बनने का है। इसके लिए वह अपनी पढ़ाई में पूरी मेहनत और लगन से जुटी हुई हैं।
दीक्षा की ये उपलब्धियां न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि हमीरपुर जिले और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात हैं। उनकी कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। दीक्षा कठियाल की मेहनत और लगन यह साबित करती है कि अगर इरादे मजबूत हों तो किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है। हिमाचल की यह बेटी भविष्य में देश सेवा के क्षेत्र में नया नाम बनाएगी, यह उम्मीद सभी को है।