#उपलब्धि
February 6, 2026
हिमाचल : दोनों बहनों ने NET/JRF में कई स्टूडेंट्स को पछाड़ा, देशभर में चमकाया माता-पिता का नाम
एक ने अंग्रेजी में, दूसरी ने राजनीति शास्त्र में किया क्वालीफाई
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला चंबा की होनहार बेटियों ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पंचायत सत्यास की दो सगी बहनों ने NET/JRF में कई स्टूडेंट्स को पछाड़ कर देशभर में नाम चमकाया है।
मनसा राम की दोनों बेटियों कोमल भारती और सेजल भारती ने UGC-NET परीक्षा में JRF क्वालीफाई किया है। कोमल भारती ने अंग्रेज़ी विषय में, जबकि सेजल भारती ने राजनीति शास्त्र विषय में JRF हासिल की है।
इन बेटियों की सफलता केवल परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वर्षों की कड़ी मेहनत और परिवार से मिले मजबूत संस्कारों का परिणाम है। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर इन छात्राओं ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इन बेटियों की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों, खासकर ग्रामीण इलाकों की बेटियों के लिए एक मजबूत प्रेरणा बनेगी। इससे यह संदेश भी जाता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी परीक्षा असंभव नहीं होती।

कोमल और सेजल की इस सफलता पर पंचायत स्तर से लेकर जिले तक खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने इन बेटियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इन बेटियों की उपलब्धि यह संदेश देती है कि चंबा जैसे दूरदराज क्षेत्रों से भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

कोमल और सेजल के साथ-साथ कंदला के भंडार गांव निवासी विनोद कुमार की बेटी मनीषा कुमारी ने भी UGC NET (JRF) में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। चुराह के विधायक हंसराज ने तीनों बेटियों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए फेसबुक पर पोस्ट शेयर की है।
UGC NET यानी यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन-नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट देश की एक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा है। इस परीक्षा का आयोजन उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षण और शोध के स्तर को बनाए रखने के उद्देश्य से किया जाता है।