#उपलब्धि
October 25, 2025
हिमाचल के छोटे से गांव का बेटा ITBP में बना सब इंस्पेक्टर, गांव में जश्न का माहौल
बेटे के कंधों पर सितारे देख मां की आंखों से छलके गर्व के आंसू
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के युवा आज अपनी मेहनत और लग्न की बदौलत बड़े बड़े पदों पर विराजमान हैं। ऐसा ही कुछ ऊना जिला के उपमंडल गगरेट के अंबोटा गांव के अनमोल ठाकुर ने सच कर दिखाया है। छोटे से गांव का होनहार बेटा अनमोल ठाकुर जब भारत.तिब्बत सीमा पुलिस में सब इंस्पेक्टर बनकर घर लौटा, तो पूरा गांव उसकी सफलता पर झूम उठा। घर के आंगन में बेटे के कंधों पर तारे सजे तो मां पूजा ठाकुर की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। पिता सुशील ठाकुर, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, गर्व से फूले नहीं समा रहे थे।
अनमोल ठाकुर ने साधारण परिवार में जन्म लेकर असाधारण सफलता की मिसाल कायम की है। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। कई बार असफलता का सामना करने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। अनमोल का सपना था कि वे वर्दी पहनकर देश की सेवा करें। लगातार मेहनत और अनुशासन ने उन्हें सफलता की मंज़िल तक पहुंचा दिया और आज वे आईटीबीपी में सब इंस्पेक्टर बनकर अपने सपनों को साकार कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें : मेयर के कार्यकाल बढ़ाने पर गरमाई सियासत: विपक्ष बोला- सीएम सुक्खू ने 'मित्र मंडली' के लिए बदले नियम
अंबोटा गांव में आयोजित स्वागत समारोह में पहुंचे पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने अनमोल को सम्मानित करते हुए कहा कि यह सफलता केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवा आज हर क्षेत्र में बड़े.बड़े मुकाम हासिल कर रहे हैं। चाहे वह सेना हो, प्रशासन, खेल या विज्ञान। अनमोल ठाकुर जैसे युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि सीमित साधनों के बावजूद अगर लगन और ईमानदारी से मेहनत की जाए तो सफलता दूर नहीं रहती।
यह भी पढ़ें : सुक्खू कैबिनेट: पुरुष कर्मियों को मिलेगा पितृत्व अवकाश, 19 खेलों को खेल सूची में शामिल करने की मंजूरी
पूर्व विधायक ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपने लक्ष्य तय करने चाहिए और पूरी निष्ठा से उसकी ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनमोल की उपलब्धि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है जो संघर्ष के बावजूद अपने सपनों को सच करने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कैबिनेट: सुक्खू सरकार ने सैंकड़ों पदों पर भर्ती का लिया निर्णय, इन कर्मचारियों का बढ़ाया मानदेय
अनमोल ठाकुर के गांव पहुंचते ही स्वागत में ढोल-नगाड़ों की थाप गूंज उठी। ग्रामीणों ने फूल बरसाकर और मिठाई बांटकर उनका स्वागत किया। हर किसी के चेहरे पर खुशी और गर्व झलक रहा था। ग्रामीणों का कहना था कि अनमोल ने साबित कर दिया है कि मेहनत करने वालों के लिए कोई मंज़िल असंभव नहीं होती।