#हादसा
June 3, 2025
हिमाचल : आपस में टकराईं बाइक, सड़क पर तड़प रहे थे 2 युवक; पिकअप चालक ने पहुंचाया अस्पताल
दोनों बाइकों की स्पीड थी तेज- लापरवाही ने छीनी जिंदगी
शेयर करें:
सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां नालागढ़-पंजेहरा मार्ग पर गोल जमाला पर गोल जमाला के पास दो बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भयानक था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। दूसरे की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। घायल को उपचार के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह भयानक हादसा उस वक्त पेश आया- जब शाम के समय दोनों बाइक चालक अपने-अपने घर की ओर जा रहे थे। दोनों बाइकों की स्पीड काफी तेज थी। ऐसे में दोनों बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों बाइक के सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल सड़क पर खून से लथपथ बेहोशी की हालत में तड़प रहे थे। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक पिकअप चालक ने दोनों को अपनी गाड़ी से उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल हुए दूसरे व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है। नालागढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। मृतक की पहचान अब्दुल खान के रूप में हुई है- जो कि पंजाब के रोपड़ का रहने वाला था। घायल की पहचान हरपाल के रूप में हुई है- जो कि पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है। इस हादसे ने दोनों लोगों के परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। मृतक के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मामले की पुष्टि करते हुए DSP भीष्म ठाकुर ने बताया कि पुलिस टीम ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तारी और लापरवाही माना जा रहा है।