#हादसा
March 20, 2025
हिमाचल: नदी में नहाने उतरे ITI के दो छात्र डूबे, 17 और 18 साल है उम्र
पुलिस और स्थानीय लोग तलाश में जुटे
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां लारजी स्थित पिन पार्वती नदी में दो आईटीआई छात्रों के डूबने की से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यह घटना आज दोपहर बाद की बताई जा रही है। दोनों छात्र आईटी आई करते थे और आज गुरुवार दोपहर बाद यह पार्वती नदी में नहाने उतरे थे। स्थानीय प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन चला रखा है। मगर अब तक दोनों का सुराग नहीं लग पाया है।
नदी में डूबने वाले छात्र का नाम घनश्याम सिंह (17) पुत्र दया राम गांव कारा बालीचौकी मंडी और धर्मेंद्र ठाकुर (18) पुत्र गीता नन्द लारजी का बताया जा रहा है। सूचना के अनुसार, ITI थलोट के दोनों स्टूडेंट इन दिनों पावर प्रोजेक्ट में ट्रेनिंग के लिए आए हुए थे। इस दौरान दोनों नहाने के लिए नदी में उतरे। दोनों छात्रों के नदी किनारे कपड़े भी मिले हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही नदी के किनारे भारी संख्या में लोग और पुलिस के जवान पहुंच गए और दोनों छात्रों की तलाश शुरू की। कुछ तैराक लड़कों ने नदी में उतर कर लापता छात्रों को खोजने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक होने के चलते उन्हें सफलता नहीं मिली।
नदी में डूबे दोनों छात्रों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने दोनों छात्रों की तलाश के लिए गोताखोर की टीम को मौके पर बुलाया है। दोनों छात्र आईटीआई थलौट में अध्यनरत हैं और लारजी में वह बिजली की ट्रेनिंग के लिए आए थे।
इस दौरान दोनों छात्र पार्वती नदी में नहाने उतर गए और पानी की गहराई का अनुमान ना होने के चलते दोनों डूब गए। इसी बीच स्थानीय लारजी पंचायत के प्रधान गुड्डू राम ने बताया कि जब दोनों छात्रों की तलाश शुरू की। मौके पर पहुंची कुल्लू जिला की सैंज पुलिस भी दोनों छात्रों की तलाश में जुटी हुई है। डीएसपी बंजार शेर सिंह ठाकुर ने कहा कि लापता विद्यार्थियों की तलाश चल रही है।
बता दें कि अभी दो दिन पहले ही ऊना जिला में दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई थी। यह दोनों छात्र रील बनाने के चक्कर में नदी में डूब गए थे। इस घटना के बाद ऊना जिले की सोहारी पंचायत में मातम पसरा हुआ है। यहां सोहारी गांव में रील बनाने के चक्कर में दो किशोरों की हुई मौत के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। लड़कों की मौत के बाद परिजनों का रो.रो कर बुरा हाल है। यह घटना परिजनों को कभी ना भूलने वाले जख्म दे गई है।
बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त आदविक (16) और सक्षम (16) कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहते थे। आदविक और सक्षम दोनों शहीद भगत सिंह मैमोरियल स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ते थे। आजकल स्कूल में वार्षिक परीक्षाएं चल रही है। अब दोनों का अंतिम पेपर बचा था। दोनों पढ़ाई में टॉपर थे।
दोनों छात्र जिगरी दोस्त थे और हमेशा साथ ही नजर आते थे। अंतिम वक्त में भी दोनों दोस्त साथ ही थे। दोनों ने एक ही दिन इस दुनिया को अलविदा कहा। परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार भी एक साथ किया।